रात 1:45 बजे मेट्रो हॉस्पिटल पहुंचे विधायक डॉ. अभिलाष पाण्डेय, नरेंद्र रजक के परिजनों के अंगदान के फैसले को किया नमन; पांच प्रकार के अंगों एवं ऊतकों का होगा दान
जबलपुर। सड़क दुर्घटना में घायल होकर ब्रेन डेड घोषित किए गए स्वर्गीय नरेंद्र रजक के परिजनों ने अंगदान का निर्णय लेकर मानवता की अनूठी मिसाल पेश की है। सूचना मिलते ही रात्रि 1:45 बजे विधायक डॉ. अभिलाष पाण्डेय मेट्रो हॉस्पिटल पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मुलाकात की। इस दौरान एसडीएम, चिकित्सकीय टीम एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।
इस कठिन घड़ी में नरेंद्र रजक की पत्नी एवं परिवारजनों ने हार्ट, किडनी, लिवर, आंखें एवं त्वचा (स्किन) सहित पांच प्रकार के अंगों एवं ऊतकों के दान का निर्णय लिया। परिवार के इस साहसिक कदम से कई जरूरतमंद लोगों को नया जीवन और नई रोशनी मिलने की उम्मीद है।
एक परिवार ने अपना प्रिय सदस्य खोया है, लेकिन उसके इस महान निर्णय से दूसरे परिवारों को अपनों के जीवन में नई उम्मीद मिलने जा रही है। विधायक डॉ. अभिलाष पाण्डेय ने इस मानवीय निर्णय के लिए स्वर्गीय नरेंद्र रजक के परिजनों के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। यातायात नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपने जीवन और परिवार की खुशियों की रक्षा के लिए करें।
एक परिवार का त्याग कई परिवारों के लिए जीवनदान बन सकता है। नरेंद्र रजक के परिजनों का यह निर्णय समाज के लिए मानवता और संवेदनशीलता की प्रेरणादायी मिसाल है।










