अनाधिकृत कॉलोनियों में विकास शुल्क की वसूली के लिए निगमायुक्त ने गठित किए 6 दल
6 दल प्रभारी सहित 55 सदस्यों को सौंपी जिम्मेदारी, आपसी समन्वय से वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश
कटनी। नगर पालिक निगम कटनी द्वारा अनाधिकृत कॉलोनियों में मूलभूत अधोसंरचना उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई की जा रही है। मध्य प्रदेश नगरपालिका (कॉलोनी विकास) नियम, 2021 के तहत 31 दिसंबर 2016 के पूर्व चिन्हित 87 अवैध कॉलोनियों के अभिन्यास का अंतिम प्रकाशन कर विकास शुल्क निर्धारित किया गया है।
विकास शुल्क की गणना, डिमांड नोट जारी करने तथा वसूली सुनिश्चित करने के लिए निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार (IAS) ने कार्यपालन यंत्री, भवन अनुज्ञा एवं कॉलोनी सेल के निर्देशन में छह दलों का गठन किया है। इन दलों में छह प्रभारी सहित कुल 55 सदस्यों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वार्डवार सौंपी गई जिम्मेदारी
जारी आदेश के अनुसार, दल क्रमांक 1 में उपयंत्री श्री पवन श्रीवास्तव को वार्ड क्रमांक 1 से 5 तक की जिम्मेदारी दी गई है। दल क्रमांक 2 में उपयंत्री श्री रवि हनोते को वार्ड क्रमांक 6 से 11 तथा 22 से 24 तक का प्रभार सौंपा गया है।
इसी प्रकार, दल क्रमांक 3 में उपयंत्री श्री जे.पी. सिंह बघेल को वार्ड क्रमांक 12 से 21 तक, दल क्रमांक 4 में उपयंत्री श्री हिमांशु गौतम को वार्ड क्रमांक 25 से 32 तक, दल क्रमांक 5 में उपयंत्री श्री राजललित गुमास्ता को वार्ड क्रमांक 33 से 40 तक तथा दल क्रमांक 6 में उपयंत्री श्री संजय मिश्रा को वार्ड क्रमांक 41 से 45 तक की जिम्मेदारी दी गई है।
प्रत्येक दल में क्षेत्रीय उपयंत्री को दल प्रभारी बनाया गया है। वहीं, समयपाल, क्षेत्रीय राजस्व उपनिरीक्षक एवं सहायक राजस्व निरीक्षकों को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करना अनिवार्य
निगमायुक्त ने गठित दलों को दल प्रभारियों के मार्गदर्शन में आपसी समन्वय एवं तालमेल के साथ संबंधित वार्डों की कॉलोनियों में विकास शुल्क की वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रत्येक दल प्रभारी को कार्य की साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट कार्यपालन यंत्री, भवन अनुज्ञा के समक्ष प्रस्तुत करनी होगी।
निगमायुक्त ने जारी आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।
#KatniMunicipalCorporation #कटनीनगरनिगम #अनाधिकृतकॉलोनियां #विकासशुल्क #राजस्ववसूली #नगरविकास #मध्यप्रदेशशासन #Katni #UrbanDevelopment










