खरगोन में नामांतरण के नाम पर ₹2 लाख की रिश्वत का आरोप, ₹20 हजार लेते पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार

---Advertisement---

खरगोन में नामांतरण के नाम पर ₹2 लाख की रिश्वत का आरोप, ₹20 हजार लेते पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार
इंदौर लोकायुक्त की कार्रवाई से राजस्व विभाग में हड़कंप, एक अन्य पटवारी और सेगांव तहसीलदार भी आरोपी
खरगोन। कृषि भूमि के नामांतरण के एवज में कथित तौर पर ₹2 लाख की रिश्वत मांगने के मामले में इंदौर लोकायुक्त पुलिस ने खरगोन जिले में कार्रवाई करते हुए एक पटवारी को ₹20 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। मामले में एक अन्य पटवारी और सेगांव तहसीलदार को भी आरोपी बनाया गया है।
लोकायुक्त पुलिस के मुताबिक, बड़ी कसरावद निवासी पुनीत नाड़ीवाल ने 25 सितंबर को इंदौर लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत की थी। शिकायतकर्ता की पत्नी के नाम ग्राम सतावड़, तहसील सेगांव में कृषि भूमि है, जिसके नामांतरण के लिए उन्होंने तहसीलदार से संपर्क किया था।
नामांतरण के लिए मांगे थे ₹2 लाख
शिकायत के अनुसार, तहसीलदार ने संबंधित पटवारी से संपर्क करने को कहा। इसके बाद पटवारी खुम सिंह धारवे से संपर्क हुआ। लोकायुक्त के मुताबिक, धारवे ने हलका क्रमांक 26 के पटवारी कुलदीप यादव के माध्यम से नामांतरण के लिए ₹2 लाख की रिश्वत की मांग की।
शिकायत के सत्यापन में आरोप सही पाए जाने के बाद लोकायुक्त पुलिस ने ट्रैप की योजना बनाई।
₹20 हजार लेते दबोचा
मंगलवार को शारदा अस्पताल के सामने पाटीदार मेडिकल के पास लोकायुक्त की टीम ने कार्रवाई की। यहां पटवारी खुम सिंह धारवे को शिकायतकर्ता से ₹20 हजार लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
तीन लोगों पर प्रकरण दर्ज
लोकायुक्त पुलिस ने पटवारी खुम सिंह धारवे, पटवारी कुलदीप यादव और सेगांव तहसीलदार अंतरसिंह कनेश के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम, 2018 की धारा 7 और बीएनएस की धारा 61(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
कार्रवाई लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय के नेतृत्व में निरीक्षक आशुतोष मिठास सहित टीम द्वारा की गई। मामले में आगे की जांच जारी है।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment