गोसेवा से यातायात व्यवस्था तक—निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार का व्यापक निरीक्षण
जबलपुर। गोवंश संरक्षण, स्वच्छता और शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में नगर निगम द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने रामपुर एवं तिलवारा गौशालाओं के साथ तिलवाराघाट और सिविल लाइन क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने गौशालाओं में गोवंश के बेहतर संरक्षण, पर्याप्त चारा, स्वच्छ पेयजल, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं साफ-सफाई की व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। तिलवारा गौशाला में प्राथमिक उपचार की उत्कृष्ट व्यवस्था देखकर उन्होंने संबंधित टीम की सराहना भी की।
निगमायुक्त ने शहरवासियों से गौशालाओं में पहुंचकर गोमाता को भोजन कराने और गोसेवा अभियान में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सहभागिता से गोवंश संरक्षण के प्रयासों को और मजबूती मिलेगी।
इसके साथ ही सिविल लाइन चौराहे का निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए गए। संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।
नगर निगम का लक्ष्य स्वच्छ, सुरक्षित, सुव्यवस्थित और संवेदनशील जबलपुर का निर्माण करना है, जिसके लिए निगम प्रशासन द्वारा निरंतर मैदानी स्तर पर निरीक्षण एवं कार्यों की समीक्षा की जा रही है।












