नागौद के बाद सतना में भी आरआई तोतालाल बंसल पर गंभीर आरोप
स्थल पंचनामा बदलने का आरोप, भू-माफिया से मिलीभगत की शिकायत; कलेक्टर के निर्देश पर गठित जांच दल की रिपोर्ट भी बदली!
सतना। नागौद में राजस्व मामलों को लेकर विवादों में रहे आरआई तोतालाल बंसल पर अब सतना में भी गंभीर आरोप सामने आए हैं। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि भू-माफिया से कथित मिलीभगत कर मौके पर तैयार किए गए स्थल पंचनामे में बाद में बदलाव किया जा रहा है। इतना ही नहीं, आरोप है कि रिश्वत के प्रभाव में पंचनामा और प्रतिवेदन की वास्तविक स्थिति बदल दी जाती है।
मामला उस समय और गंभीर हो गया, जब कलेक्टर के निर्देश पर गठित जांच दल में प्रमुख भूमिका निभाने वाले आरआई द्वारा जांच प्रतिवेदन में ही बदलाव किए जाने के आरोप सामने आए। शिकायतकर्ता का दावा है कि मौके पर तैयार पंचनामा कुछ और था, जबकि बाद में तैयार दस्तावेज में तथ्यों को बदल दिया गया।
मौके पर कुछ, बाद के पंचनामे में कुछ और!
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि स्थल निरीक्षण के दौरान मौके पर जो पंचनामा तैयार किया गया था, उसमें दर्ज तथ्यों को बाद में बदल दिया गया। अब सवाल यह उठ रहा है कि यदि पंचनामा मौके पर ही तैयार हुआ था, तो बाद में उसमें परिवर्तन किसके निर्देश पर और किस उद्देश्य से किया गया?
पहले भी उठ चुके हैं सवाल
आरआई तोतालाल बंसल की कार्यप्रणाली को लेकर पूर्व में भी शिकायतें सामने आने की बात कही जा रही है। बावजूद इसके, शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि अब तक ठोस एवं निर्णायक कार्रवाई नहीं होने से राजस्व तंत्र में मनमानी को बढ़ावा मिल रहा है।
मामला अब जनसुनवाई तक पहुंच चुका है। शिकायतकर्ता ने अधिकारियों से मौके पर तैयार मूल पंचनामा, बाद में प्रस्तुत प्रतिवेदन तथा दोनों में हुए कथित बदलाव की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
अब बड़ा सवाल यह है कि यदि जांच में पंचनामा बदलने के आरोप सही पाए जाते हैं, तो जिम्मेदारी किसकी तय होगी और कार्रवाई कब होगी?










