सतना के व्यक्ति के बैग से मिले हवाला के 63 लाख!
बेतवा एक्सप्रेस में RPF-क्राइम विंग की कार्रवाई, कानपुर पहुंचाई जानी थी रकम
सतना। बेतवा एक्सप्रेस में जांच के दौरान आरपीएफ चित्रकूट और क्राइम विंग झांसी की संयुक्त टीम ने बड़ी नकदी के साथ एक व्यक्ति को पकड़ा है। उसके बैग से 63 लाख रुपये नकद बरामद होने से हड़कंप मच गया। पूछताछ में व्यक्ति इतनी बड़ी रकम के संबंध में संतोषजनक जानकारी और दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पकड़े गए व्यक्ति की पहचान प्रीतम दास, निवासी सिंधी कैंप, जिला सतना के रूप में बताई गई है। पूछताछ में उसने टीम को बताया कि यह रकम संजय उर्फ संजू ने उसे कानपुर पहुंचाने के लिए दी थी।
प्रारंभिक पूछताछ में इतनी बड़ी रकम के वैध स्रोत और उसके परिवहन को लेकर कई सवाल खड़े हुए हैं। रकम हवाला के माध्यम से कानपुर भेजे जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, रकम का वास्तविक स्रोत और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।
आरपीएफ और क्राइम विंग की कार्रवाई के बाद अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि 63 लाख रुपये कहां से आए, किसके थे और कानपुर में किसे सौंपे जाने थे। मामले में आगे की जांच जारी है।










