उजला दर्पण के प्रधान संपादक एवं निर्देशक बी.एल. मान ने ‘वो मेरा गांव’ को दी भावपूर्ण दृश्यात्मक अभिव्यक्ति, पद्म भूषण एवं ग्रैमी विजेता पं. विश्व मोहन भट्ट ने किया पोस्टर विमोचन
जयपुर। राजस्थान की माटी, लोक-संस्कृति, गांव की सादगी और बचपन की सुनहरी स्मृतियों को सुरों में संजोता राजस्थानी गीत ‘वो मेरा गांव’ अब संगीतप्रेमियों के बीच अपनी दस्तक देने को तैयार है। गीत का भव्य पोस्टर विमोचन एवं लॉन्चिंग समारोह पद्म भूषण एवं ग्रैमी अवॉर्ड विजेता प्रख्यात संगीत साधक पंडित विश्व मोहन भट्ट के कर-कमलों से संपन्न हुआ।
‘वो मेरा गांव’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि अपनी जड़ों की ओर लौटती स्मृतियों की भावपूर्ण यात्रा है। गांव की गलियों की चहल-पहल, मिट्टी की सौंधी खुशबू, बचपन की निश्छलता और जन्मभूमि से जुड़े आत्मीय रिश्तों को गीत में संवेदनशीलता के साथ अभिव्यक्त किया गया है।
इस अवसर पर पंडित विश्व मोहन भट्ट ने गीत की संकल्पना और पूरी टीम के रचनात्मक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि लोक संस्कृति और अपनी जड़ों से जुड़े ऐसे प्रयास समाज को अपनी पहचान और विरासत से जोड़ने का कार्य करते हैं। पंडित विश्व मोहन भट्ट को पद्म श्री, पद्म भूषण एवं ग्रैमी पुरस्कार सहित अनेक प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है।
बी.एल. मान के निर्देशन में जीवंत हुई गांव की स्मृतियां
गीत को भावपूर्ण दृश्यात्मक अभिव्यक्ति देने का दायित्व उजाला दर्पण के प्रधान संपादक एवं निर्देशक बी.एल. मान ने निभाया है। मान के निर्देशन में गीत के शब्दों में छिपे गांव, मिट्टी, बचपन और अपनत्व के भावों को दृश्य रूप देने का प्रयास किया गया है। उनकी दृष्टि ने गीत को केवल श्रव्य अनुभव तक सीमित न रखते हुए उसे माटी और स्मृतियों से जुड़ी एक संवेदनशील दृश्य-यात्रा का स्वरूप दिया है।
वीडियो में राजस्थान के ग्रामीण जीवन की सहजता, लोक परिवेश और अपनी जन्मभूमि के प्रति भावनात्मक जुड़ाव को प्रमुखता से उकेरा गया है। डीओपी पंछी शर्मा ने कैमरे के माध्यम से इन भावों को दृश्यात्मक स्वरूप दिया है, जबकि संपादन बी.एल. मान एवं मयंक शर्मा ने किया है।
गीत ‘वो मेरा गांव’ को प्रसिद्ध गायक संजय रायजादा ने अपनी आवाज दी है। गीत के भावपूर्ण बोल प्रदीप भारद्वाज ने लिखे हैं। संगीत निर्देशन शिखा–मयंक का है, जबकि संगीत संयोजन एवं रिकॉर्डिंग ऋषिकेश सोनी (रैप स्टूडियो, जयपुर) ने की है।
समारोह में जयपुर के प्रसिद्ध गायक गौरव जैन सहित गीत से जुड़े कलाकार, संगीतकार, गीतकार और तकनीकी टीम के सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने गीत की सफलता के लिए शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि ‘वो मेरा गांव’ राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत, ग्रामीण जीवन की सादगी और अपनी जन्मभूमि के प्रति अटूट भावनात्मक लगाव को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
गीत जल्द ही सिंगर संजय रायजादा के आधिकारिक YouTube चैनल पर रिलीज किया जाएगा।












