मैहर में समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों की ब्लड शुगर जांच, 49 में से 19 का स्तर मिला सामान्य से अधिक
मैहर। शुक्रवार को मैहर में रीवा संभागायुक्त शैलेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान एक अनोखा घटनाक्रम देखने को मिला। बैठक के बीच जो अधिकारी किसी कारणवश बाहर निकले, संभागायुक्त ने उनके ब्लड शुगर की जांच कराने के निर्देश दिए। निर्देश मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम बैठक स्थल पर पहुंची और अधिकारियों की मौके पर ही जांच शुरू कर दी। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार कुल 49 अधिकारियों की ब्लड शुगर जांच की गई, जिनमें 19 अधिकारियों का शुगर स्तर सामान्य से अधिक पाया गया, जबकि शेष अधिकारियों की रिपोर्ट सामान्य रही। जिन अधिकारियों का ब्लड शुगर बढ़ा हुआ मिला, उन्हें चिकित्सकीय परामर्श लेने, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने तथा संतुलित जीवनशैली अपनाने की सलाह दी गई। संभागायुक्त की इस पहल को लेकर प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। कई लोगों ने इसे अधिकारियों के स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशील एवं सकारात्मक पहल बताया, वहीं कुछ लोगों ने समीक्षा बैठक के दौरान अचानक इस प्रकार स्वास्थ्य जांच कराने के निर्णय को असामान्य माना। फिलहाल यह पहल पूरे रीवा संभाग में चर्चा का विषय बनी हुई है।









