कलेक्टर और निगमायुक्त ने प्रमुख नालों एवं प्लांटों का किया निरीक्षण

---Advertisement---

मानसून की तैयारी को लेकर प्रशासन सक्रिय

कलेक्टर और निगमायुक्त ने प्रमुख नालों एवं प्लांटों का किया निरीक्षण

जबलपुर। आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए शहर की जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे सफाई एवं रखरखाव कार्यों का शुक्रवार को कलेक्टर और नगर निगम आयुक्त ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। इस दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर नालों की सफाई, जलभराव की स्थिति तथा अपशिष्ट प्रबंधन से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ओमती नाला, भूलन नाला, प्रेम नगर नाला एवं गंगा सागर नाले की सफाई व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून शुरू होने से पहले सभी प्रमुख नालों की तली झाड़ सफाई का कार्य पूर्ण कर लिया जाए ताकि वर्षा के दौरान जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो।

दौरे के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों से भी चर्चा की। क्षेत्रवासियों ने बताया कि नालों की नियमित सफाई और जल निकासी व्यवस्था में सुधार के कारण अब पहले की तुलना में जलभराव की समस्या काफी कम हुई है। कई नागरिकों ने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि अब बारिश के समय उनके क्षेत्र में पानी नहीं भरता।

कलेक्टर एवं निगमायुक्त ने शहर के वेस्ट टू एनर्जी प्लांट तथा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि दोनों प्लांटों का संचालन पूर्ण क्षमता के साथ सुनिश्चित किया जाए ताकि कचरे एवं सीवेज का वैज्ञानिक और प्रभावी निपटान किया जा सके।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्वास्थ्य विभाग एवं नगर निगम के अमले को निर्देशित किया कि सफाई कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और मानसून से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण की जाएं।

इस अवसर पर अपर आयुक्त अरविंद शाह, अशफाक परवेज कुरैशी सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग का अमला उपस्थित रहा।

— उजला दर्पण, जबलपुर 📰

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment