उजला दर्पण, डिजिटल डेस्क | चीन के एक होटल में ठहरे एक युवा कपल के लिए एक आम रात ज़िंदगी का सबसे बड़ा सदमा बन गई। “आदित्य” (बदला हुआ नाम) को कुछ हफ्तों बाद यह एहसास हुआ कि जिस कमरे में उन्होंने अपनी साथी “अनाया” (बदला हुआ नाम) के साथ निजी पल बिताए थे, वहां वे अकेले नहीं थे। कमरे में बेहद छोटे, छिपे कैमरे ने उनके हर पल को रिकॉर्ड किया और वह फुटेज हजारों अजनबियों तक पहुंचा दी गई।
आदित्य को यह सच्चाई तब पता चली जब वह एक ऐसे ऑनलाइन चैनल पर वीडियो देख रहा था, जिसे वह पहले मनोरंजन के लिए इस्तेमाल करता था। कुछ ही सेकंड में उसने पहचान लिया कि वीडियो में दिख रहा कपल वही है। तीन हफ्ते पहले वे दक्षिणी चीन के शेनझेन शहर के एक होटल में रुके थे। उन्हें ज़रा भी अंदाज़ा नहीं था कि उनकी निजता इस तरह भंग हो चुकी है।
जांच में सामने आया कि होटल कमरों में छिपे कैमरों से रिकॉर्ड किए गए ऐसे वीडियो बड़े पैमाने पर अवैध रूप से बेचे और लाइव स्ट्रीम किए जा रहे हैं। कई प्लेटफॉर्म पर होटल के कमरों से ली गई ताज़ा रिकॉर्डिंग्स उपलब्ध हैं, जिनका प्रचार ज़्यादातर Telegram जैसे मैसेजिंग ऐप्स के ज़रिए किया जाता है। महीनों की पड़ताल में दर्जनों वेबसाइट और ऐप सामने आए, जो सैकड़ों होटल कमरों में सक्रिय कैमरों का दावा करते हैं और मेहमानों की गतिविधियों को रिकॉर्ड ही नहीं, बल्कि लाइव प्रसारित भी करते हैं।
आदित्य पहले इस तरह की सामग्री का उपभोक्ता था, लेकिन जब वह खुद शिकार बना तो उसका नज़रिया पूरी तरह बदल गया। जब उसने अनाया को इस बारे में बताया, तो पहले उसे यकीन नहीं हुआ। लेकिन फुटेज देखने के बाद वह गहरे सदमे में चली गई। उसे डर सताने लगा कि यह वीडियो उसके सहकर्मियों या परिवार तक भी पहुंच सकता है। इस घटना ने दोनों के रिश्ते और मानसिक स्वास्थ्य पर गहरा असर डाला।
सरकार ने पिछले साल नए नियम लागू कर होटल मालिकों को नियमित जांच के निर्देश दिए, लेकिन इसके बावजूद खतरा पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। यह मामला सिर्फ एक कपल की कहानी नहीं, बल्कि डिजिटल दौर में निजता पर मंडराते उस खतरे की चेतावनी है, जहां भरोसे की एक दीवार गिरते ही ज़िंदगी सार्वजनिक तमाशा बन सकती है।










