( उजला दर्पण अंकित सेन स्टेड हेड म.प्र )
जबलपुर कृषि उपज मंडी, जबलपुर में आज रविवार को लगाये गये साप्ताहिक जैविक हाट में जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए 20 से अधिक जैविक किसानों ने सहभागिता की। जैविक हाट में किसानों द्वारा जैविक अनाज, दलहन, खपली गेहूं का आटा, बिलौना घी, सब्जियां, ब्रोकली, लेट्यूस, पिंक मूली, फल, कोल्ड प्रेस्ड तेल सहित विभिन्न जैविक एवं प्राकृतिक उत्पादों का विक्रय किया गया।
जैविक हाट को उपभोक्ताओं से अत्यंत उत्साहजनक प्रतिक्रिया प्राप्त हुई तथा बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने जैविक उत्पादों को खरीदने में रुचि दिखाई। संयुक्त संचालक कृषि एस के नेताम ने जैविक हाट का अवलोकन किया और किसानों से जैविक एवं प्राकृतिक खेती को अपनाकर कृषि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।
जैविक हाट बाजार में दुकान लगाने वाले किसानों ने बताया कि इस आयोजन से उन्हें अपने उत्पादों के लिए अच्छा मंच एवं उचित मूल्य प्राप्त हो रहा है, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो रही है। ज्ञात हो कि प्रति सप्ताह लगने वाले जैविक बाजार की उप संचालक कृषि डॉ एस के निगम द्वारा सतत मॉनिटरिंग की जा रही है।
इस रविवार को लगे साप्ताहिक जैविक हाट का संचालन अनुविभागीय कृषि अधिकारी जबलपुर श्रीमती प्रतिभा गौर, विकासखंड कुंडम के कृषि विस्तार अधिकारियों एवं आत्मा परियोजना के अमले द्वारा किया गया।










