( उजला दर्पण रामगोपाल सिंह सीनियर रिपोर्टर मध्य प्रदेश )
जबलपुर कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने जिला स्वास्थ्य समिति की आज शुक्रवार की शाम संपन्न हुई बैठक में विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं योजनाओं की समीक्षा की तथा 70 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाने के कार्य में गति लाने के निर्देश दिये। कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित इस बैठक में जिला पंचायत के सीईओ अभिषेक गहलोत, जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय मिश्रा, स्वास्थ्य विभाग के शहरी औॅर ग्रामीण क्षेत्र में पदस्थ सभी अधिकारी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास सौरभ सिंह भी मौजूद थे।
कलेक्टर श्री सिंह ने बैठक में 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाने में गति लाने के लिए शिविर लगाने तथा घर-घर जाकर मोबाईल एप के माध्यम से ऐसे व्यक्तियों का रजिस्ट्रेशन करने के निर्देश दिये। उन्होंने इस मोबाईल एप का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया ताकि परिवार का कोई भी सदस्य इसके माध्यम से 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों का आयुष्मान योजना के तहत रजिस्ट्रेशन कर सके। कलेक्टर ने एएनसी रजिस्ट्रेशन और कोर एएनसी जांच में विगत एक माह के दौरान आई प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। श्री सिंह ने गैर संचारी रोगों और नॉन एल्कोहोलिक फेटी लीवर की बीमारी पर नियंत्रण के लिए स्क्रीनिंग के कार्य में गति लाने तथा चिन्हित व्यक्तियों का नियमित फॉलोअप एवं दवाओं के नियमित वितरण पर विशेष ध्यान देने की हिदायत दी।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं से संबंधित सीएम हेल्पलाईन से प्राप्त शिकायतों का आवेदकों की संतुष्टि के साथ त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिये गये। राष्ट्रीय परिवार कल्याण कार्यक्रम, टीकाकरण कार्यक्रम, मलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम की भी समीक्षा भी बैठक में की गई।











