कायस्थ समाज में हर्ष की लहर, श्री नितिन नवीन बने भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष

---Advertisement---

नई दिल्ली, 22 दिसंबर। भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक ढांचे में एक महत्वपूर्ण निर्णय के तहत श्री नितिन नवीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति के बाद देशभर के कायस्थ समाज में उत्साह और गौरव का माहौल देखा जा रहा है। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा ने भाजपा नेतृत्व के इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे समाज की बौद्धिक क्षमता, प्रशासनिक दक्षता और राष्ट्रनिष्ठा की औपचारिक मान्यता बताया है।

अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनूप श्रीवास्तव (आईआरएस), पूर्व प्रधान आयुक्त, भारत सरकार ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि श्री नितिन नवीन की नियुक्ति केवल एक राजनीतिक पदभार नहीं, बल्कि उस सामाजिक परंपरा की स्वीकृति है, जिसने सदैव देश के शासन, प्रशासन और नीति-निर्माण में निर्णायक भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से कायस्थ समाज में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार हुआ है।

डॉ. श्रीवास्तव ने कहा कि भगवान चित्रगुप्त जी की न्यायप्रिय परंपरा को आत्मसात करते हुए कायस्थ समाज ने सदैव ईमानदारी, बुद्धिमत्ता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ राष्ट्रसेवा की है। श्री नितिन नवीन इसी परंपरा के प्रतिनिधि हैं, जिनके नेतृत्व में संगठनात्मक मजबूती और युवाओं की सक्रिय भागीदारी को नई दिशा मिलेगी।

उल्लेखनीय है कि श्री नितिन नवीन इससे पूर्व अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष रह चुके हैं और संगठनात्मक कार्यों में उनकी सक्रियता, संवेदनशीलता और समर्पण को व्यापक स्तर पर सराहा गया है। महासभा ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी न केवल संगठनात्मक रूप से सशक्त होगी, बल्कि देश के युवाओं को भी सकारात्मक और राष्ट्रनिर्माण की दिशा में प्रेरणा मिलेगी।

महासभा ने इस अवसर पर नरेंद्र मोदी सहित भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए श्री नितिन नवीन के सफल और प्रभावी कार्यकाल की मंगलकामनाएँ दी हैं। यह नियुक्ति सामाजिक प्रतिनिधित्व और संगठनात्मक संतुलन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जो आने वाले समय में भाजपा की राजनीतिक रणनीति को और मजबूत कर सकती है।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment