सऊदी अरब में युवक की मौत: शिव विधायक रव‍िंद्र सिंह भाटी ने विदेश मंत्री से पार्थिव शरीर भारत लाने की लगाई गुहार

---Advertisement---

बाड़मेर | शिव विधानसभा क्षेत्र के विधायक रव‍िंद्र सिंह भाटी ने सऊदी अरब में संदिग्ध परिस्थितियों में मारे गए 19 वर्षीय युवक रमेश कुमार मेघवाल के मामले को गंभीरता से उठाते हुए भारत सरकार के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। विधायक ने एक विस्तृत पत्र लिखकर युवक के पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाने और उसके आर्थिक रूप से कमजोर परिवार को मानवीय सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।

रोजगार की तलाश में गया था सऊदी अरब, संपर्क टूटने के बाद मिली मौत की खबर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाड़मेर ज़िले के गिड़ा उपखंड के ग्राम मेघवाल की ढाणी, सोहड़ा निवासी रमेश कुमार (19) रोज़गार के लिए 11 अक्टूबर 2025 को सऊदी अरब गया था। परिवार से उसका अंतिम संपर्क 13 नवंबर को हुआ, इसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया।
17 नवंबर को परिवार को उसके निधन की सूचना मिली, लेकिन अब तक मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं है। इससे परिजन और ग्रामीण सदमे में हैं और रहस्यमयी परिस्थितियों को लेकर गहरी आशंका व्यक्त कर रहे हैं।

आर्थिक तंगी से जूझ रहा परिवार, खुद से प्रक्रिया पूरी करना असंभव

रमेश का परिवार बेहद गरीब है और विदेश में कानूनी औपचारिकताओं तथा पार्थिव शरीर को भारत लाने के भारी खर्च को वहन करने में पूरी तरह असमर्थ है। विधायक भाटी ने पत्र में उल्लेख किया कि परिवार आर्थिक, मानसिक और सामाजिक रूप से टूट चुका है, इसलिए सरकारी मदद उनके लिए अत्यंत आवश्यक है।

विदेश मंत्री से तत्काल हस्तक्षेप की मांग

विधायक भाटी ने विदेश मंत्री से अनुरोध किया है कि—

  • रमेश कुमार के पार्थिव शरीर को शीघ्र भारत लाने की व्यवस्था की जाए

  • परिवार को विदेश मंत्रालय की ओर से मानवीय सहायता उपलब्ध कराई जाए

  • सऊदी अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर मृत्यु का वास्तविक कारण और संबंधित आधिकारिक दस्तावेज परिवार को दिए जाएँ

“गरीब परिवार अपने इकलौते सहारे को खो चुका है” — भाटी

विधायक ने कहा कि एक गरीब परिवार अपने इकलौते कमाने वाले सदस्य को खोने के बाद बदहाली में है और समय पर सरकारी सहायता मिलना उनके लिए जीवनरेखा साबित होगी।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment