जयपुर, नवंबर 2025। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान 10 दिसंबर को प्रवासी राजस्थानी दिवस 2025 का भव्य आयोजन करने जा रहा है। यह राजकीय कार्यक्रम दुनिया भर में अपनी पहचान बनाने वाले प्रवासी राजस्थानीयों के सम्मान, उनकी उपलब्धियों और राज्य के साथ उनके भावनात्मक जुड़ाव को समर्पित है। समारोह में उद्योग, शिक्षा, संस्कृति, तकनीक और सामाजिक सेवा के प्रतिष्ठित व्यक्तित्व एक ही मंच पर मौजूद रहेंगे।
इस आयोजन में उद्योग जगत की दिग्गज हस्तियों की उपस्थिति इसे और खास बनाएगी। वेदांता समूह के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल, श्री सीमेंट के अध्यक्ष हरि मोहन बांगुर, और आर.के. मार्बल एवं वंडर सीमेंट के चेयरमैन अशोक पाटनी कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षण होंगे। इनके साथ वेलस्पन इंडिया लिमिटेड की सीईओ दीपाली गोयनका, एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक के संस्थापक एवं एमडी संजय अग्रवाल, और जेके सीमेंट के संयुक्त प्रबंध निदेशक माधव सिंघानिया भी राजस्थान की ओर से विशेष सम्मान के पात्र होंगे।
कार्यक्रम में हिंदुस्तान जिंक की अध्यक्ष प्रिया अग्रवाल, बीकाजी फूड्स के एमडी दीपक अग्रवाल, और आनंद ग्रुप की चेयरपर्सन अंजलि सिंह भी शामिल होंगी। इसके अलावा टीटागढ़ रेल सिस्टम्स के उपाध्यक्ष एवं एमडी उमेश चौधरी, वोल्वो ग्रुप इंडिया के एमडी कमल बाली, ईज़माईट्रिप के सह-संस्थापक रिकांत पिट्टी, मोतीलाल ओसवाल ग्रुप के चेयरमैन मोतीलाल ओसवाल, और केईआई लिमिटेड के चेयरमैन अनिल गुप्ता भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
एक दिवसीय इस आयोजन में उद्योग, शिक्षा, पर्यटन, स्वास्थ्य और जल प्रबंधन जैसे प्रमुख क्षेत्रों पर आधारित विशेष सत्र होंगे, जहां विकास, नवाचार और निवेश को लेकर व्यापक चर्चा की जाएगी। साथ ही एक विशेष एनआरआर गोलमेज सम्मेलन भी आयोजित होगा, जिसमें महत्वपूर्ण प्रवासी प्रतिनिधि राजस्थान के दीर्घकालिक विकास से जुड़े मुद्दों और सहयोग की संभावनाओं पर संवाद करेंगे।
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रवासियों को प्रवासी राजस्थानी सम्मान पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। यह पुरस्कार उन व्यक्तित्वों को दिए जाएंगे जिन्होंने अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करते हुए राजस्थान की संस्कृति, विरासत और मूल्यों का विश्व स्तर पर गौरव बढ़ाया है।
संस्कृति, संवाद और वैश्विक सहभागिता के संगम से सजा यह आयोजन प्रवासी राजस्थानी समुदाय की उपलब्धियों का उत्सव होने के साथ-साथ राजस्थान व विश्वभर के प्रवासियों के बीच विकास और साझेदारी के नए रास्ते खोलने जा रहा है।










