जयपुर। राजस्थान में नए मुख्य सचिव की नियुक्ति को लेकर प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) में मंथन शुरू हो गया है। सूत्रों के अनुसार पीएमओ ने इस विषय पर एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी को तलब कर फीडबैक भी लिया है। माना जा रहा है कि मुख्य सचिव का चयन एक बार फिर दिल्ली स्तर से ही होगा, जैसा कि पहले भी परंपरा रही है।
चर्चा में सबसे आगे तन्मय कुमार का नाम बताया जा रहा है। वे इस समय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय में सचिव पद पर कार्यरत हैं और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के बेहद करीबी माने जाते हैं। यदि पीएमओ में उनकी सिफारिश को मंजूरी मिलती है, तो तन्मय कुमार राजस्थान के अगले मुख्य सचिव बन सकते हैं। हालांकि, यह भी कहा जा रहा है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा वसुंधरा राजे के पुराने सचिव रहे अफसर को नियुक्त करने के पक्ष में नहीं होंगे।
सूत्रों के अनुसार तन्मय कुमार की नियुक्ति होने पर मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) में भी बदलाव संभव है। वर्तमान में सीएमओ की कमान शिखर अग्रवाल के पास है, लेकिन तन्मय के आने पर नए समीकरण बन सकते हैं।
दूसरी ओर, कुछ हलकों में यह भी चर्चा है कि शिखर अग्रवाल खुद मुख्य सचिव पद के लिए दावेदारी कर रहे हैं। वरिष्ठता में वे दसवें स्थान पर हैं, लेकिन राजस्थान में मुख्य सचिव पद पर वरिष्ठता से अधिक भरोसे और राजनीतिक समीकरणों का महत्व रहा है।
इसके अलावा अभय कुमार, रजत मिश्रा, और अखिल अरोड़ा के नाम भी प्रमुख दावेदारों में शामिल हैं। अखिल अरोड़ा अपनी काबिलियत और गुटबाजी से दूर रहने की छवि के कारण मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। वे लंबे समय तक वित्त विभाग में एसीएस रहे हैं, हालांकि उनका दिल्ली नेटवर्क अपेक्षाकृत कमजोर बताया जा रहा है।
इधर, हाल ही में मुख्य सचिव पद से हटाए गए सुधांश पंत के तबादले को लेकर भी अफसरशाही में चर्चाओं का बाजार गर्म है। हालांकि सूत्र बताते हैं कि उनका दिल्ली लौटना पहले से तय था। अब उन्हें सामाजिक अधिकारिता विभाग का सचिव बनाया गया है, लेकिन उन्हें किसी अहम निगम का अध्यक्ष या केंद्रीय गृह सचिव जैसे महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी दी जा सकती है।
माना जा रहा है कि पीएमओ अंतिम निर्णय लेने से पहले सुधांश पंत की राय भी लेगा। ऐसे में यदि उनकी राय को वरीयता मिली तो रजत मिश्रा के लिए रास्ता खुल सकता है। कुल मिलाकर, राजस्थान की अफसरशाही इन दिनों पीएमओ की हर हलचल पर नजर गड़ाए बैठी है।
#Rajasthan bureaucracy #PMO #ChiefSecretary #IAS #RajasthanPolitics #AdministrativeChange #BureaucraticReforms #TanmayKumar #ShikharAgarwal #SudhanshPant










