एमपी ट्रांसको नागदा में पावर ट्रांसफार्मर एवं ट्रांसमिशन लाइन प्रोटेक्शन पर प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित
उज्जैन। मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) के 400 केवी टेस्टिंग डिवीजन, नागदा में पावर ट्रांसफार्मर प्रोटेक्शन, ट्रांसमिशन लाइन प्रोटेक्शन, बसबार प्रोटेक्शन, अंडर फ्रीक्वेंसी प्रोटेक्शन तथा लोड ड्रॉपिंग स्कीम सहित विभिन्न तकनीकी विषयों पर प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में 400 केवी टेस्टिंग सर्किल, नागदा के अधीक्षण अभियंता शेखर फटाले, कार्यपालन अभियंता दिनेश चन्द्र आर्य एवं दिनेश शर्मा, सहायक अभियंता रामशरण यादव, विक्रम डेहरिया, यशवंत राय, सुनील धुर्वे सहित समस्त कनिष्ठ अभियंता, नियमित मेंटेनेंस स्टाफ तथा संविदा एवं आउटसोर्स कर्मचारी उपस्थित रहे।
*पावर ट्रांसफार्मर प्रोटेक्शन की दी जानकारी*
प्रशिक्षण सत्र में इस कार्यशाला के सूत्रधार अधीक्षण अभियंता शेखर फटाले एवं सहायक अभियंता (परीक्षण) रामशरण यादव ने सबस्टेशनों में स्थापित पावर ट्रांसफार्मरों की आंतरिक एवं बाह्य प्रोटेक्शन प्रणालियों, डिफरेंशियल रिले, डिस्टेंस प्रोटेक्शन रिले, बैकअप प्रोटेक्शन रिले, बसबार प्रोटेक्शन स्कीम तथा लोकल ब्रेकर बैकअप (एलबीबी) स्कीम की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
*विद्युत प्रणाली की सुरक्षा पर हुई चर्चा*
इसके अतिरिक्त अंडर फ्रीक्वेंसी प्रोटेक्शन एवं लोड ड्रॉपिंग स्कीम की कार्यप्रणाली तथा विद्युत प्रणाली की सुरक्षा एवं विश्वसनीयता में उनकी भूमिका पर भी विस्तार से चर्चा की गई। कार्यशाला में पावर ट्रांसफार्मरों में प्रयुक्त नाइट्रोजन इंजेक्शन फायर प्रोटेक्शन सिस्टम (एनआईएफपीएस) की संरचना, संचालन एवं उपयोगिता के संबंध में भी प्रतिभागियों को जानकारी दी गई।










