रिश्वत के लिए ASI ने चुना चाय दुकानदार, 6 हजार रुपये लेते ही लोकायुक्त ने दबोचा
उज्जैन। रिश्वतखोरी के मामले में लोकायुक्त उज्जैन की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एएसआई मोहनलाल मालवीय के लिए 6 हजार रुपये की रिश्वत लेते चाय दुकान संचालक जितेंद्र सिंह देवड़ा को रंगेहाथों गिरफ्तार किया। कार्रवाई 26 नवंबर को महाकाल परिसर स्थित चाय की दुकान पर की गई।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ईश्वर राजोरिया निवासी गोलवा ने लोकायुक्त में शिकायत दर्ज कराई थी कि एएसआई मोहनलाल मालवीय ने परिवार की महिला और लड़की को जेल नहीं भेजने के बदले 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। बाद में रिश्वत की रकम 6 हजार रुपये तय हुई।
आरोप है कि एएसआई ने रिश्वत की राशि सीधे लेने के बजाय चाय दुकान संचालक जितेंद्र सिंह देवड़ा को देने के लिए कहा था।
शिकायत का सत्यापन सही पाए जाने के बाद लोकायुक्त टीम ने ट्रैप की योजना बनाई। निर्धारित योजना के अनुसार, जैसे ही शिकायतकर्ता ने चाय दुकान संचालक को 6 हजार रुपये दिए, लोकायुक्त टीम ने उसे रंगेहाथों पकड़ लिया।
मामले में एएसआई मोहनलाल मालवीय और जितेंद्र सिंह देवड़ा के खिलाफ भ्रष्टाचार की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है।
लोकायुक्त की इस कार्रवाई में डीएसपी राजेश पाठक, निरीक्षक दीपक शेजवार सहित 10 सदस्यीय टीम शामिल रही।
#Ujjain #Lokayukta #Tarana #BriberyCase #MPNews #UjjainNews #LokayuktaAction #MadhyaPradesh










