सीमांकन के नाम पर SDM कार्यालय के बाबू ने मांगी ढाई लाख की रिश्वत, लोकायुक्त ने दर्ज किया मामला
इंदौर। जमीन का सही सीमांकन कराने और अवैध कब्जा हटवाने के लिए आवेदन करने वाले व्यक्ति से ढाई लाख रुपये की रिश्वत मांगने के मामले में लोकायुक्त पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इंदौर जिले के सांवेर स्थित एसडीएम कार्यालय में पदस्थ बाबू मनीष के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
सीमांकन के लिए एक साल से लगा रहा था चक्कर
लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय के अनुसार, शिकायतकर्ता राहुल कुमावत निवासी ग्राम उजालिया, तहसील देपालपुर, जिला इंदौर ने 2 सितंबर 2026 को लोकायुक्त कार्यालय इंदौर में शिकायत प्रस्तुत की थी।
शिकायतकर्ता ने बताया कि ग्राम हरियाखेड़ी, तहसील सांवेर में खसरा नंबर 129/1/1/1, रकबा 1.368 हेक्टेयर की पैतृक जमीन है। पिता के निधन के बाद यह जमीन उनकी माता कमलाबाई कुमावत के नाम पर दर्ज है।
जमीन का सही सीमांकन कराने और अवैध कब्जा हटवाने के लिए करीब एक वर्ष पहले आवेदन दिया गया था, लेकिन लंबे समय तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
एसडीएम कार्यालय में मांगी ढाई लाख रुपये की रिश्वत
शिकायत के अनुसार, 31 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 2 बजे राहुल कुमावत सीमांकन के संबंध में सांवेर एसडीएम कार्यालय पहुंचे थे। वहां उनकी मुलाकात कार्यालय में कार्यरत बाबू मनीष से हुई।
आरोप है कि बाबू मनीष ने सीमांकन की कार्रवाई करवाने के बदले शिकायतकर्ता से ढाई लाख रुपये की रिश्वत मांगी।
शिकायत सत्यापन के बाद लोकायुक्त की कार्रवाई
शिकायत प्राप्त होने के बाद लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय के निर्देश पर शिकायत का सत्यापन कराया गया। सत्यापन में शिकायत सही पाए जाने के बाद 27 नवंबर 2026 को आरोपी मनीष, बाबू, एसडीएम कार्यालय सांवेर, जिला इंदौर के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 7(क) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
लोकायुक्त पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
जमीन के सीमांकन जैसे वैध कार्य के लिए रिश्वत मांगने का यह मामला प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही की आवश्यकता को फिर सामने लाता है।
#Indore #Sanwer #Lokayukta #BriberyCase #MPNews #MadhyaPradesh #Corruption #SDMOffice #LandDemarcation #LokayuktaAction










