पीएम आवास की तीसरी किस्त के नाम पर रिश्वत, सहायक सचिव EOW के ट्रैप में गिरफ्तार
डबरा। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ग्वालियर ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम लिधौरा के सहायक सचिव सोनू शर्मा को प्रधानमंत्री आवास योजना की तीसरी किस्त जारी करने के एवज में ₹5,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
EOW के अनुसार, ग्राम लिधौरा निवासी अजय कुशवाहा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि प्रधानमंत्री आवास योजना की तीसरी किस्त जारी करने के लिए सहायक सचिव द्वारा ₹5,000 की अवैध मांग की जा रही है। शिकायत के सत्यापन में आरोप सही पाए जाने के बाद EOW ने ट्रैप की योजना बनाई।
पूर्व निर्धारित योजना के तहत शिकायतकर्ता ने आरोपी को रिश्वत की राशि सौंपी। जैसे ही सोनू शर्मा ने पैसे लेकर अपनी जेब में रखे, पहले से तैनात EOW टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। आरोपी के कब्जे से रिश्वत की राशि भी बरामद की गई।
EOW के डीएसपी शैलेंद्र सिंह कुशवाहा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। यदि किसी अन्य की भूमिका सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्रवाई सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी जनकल्याणकारी योजना में रिश्वतखोरी गरीब हितग्राहियों के अधिकारों पर सीधा प्रहार है, जिस पर EOW लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है।









