जबलपुर रेलवे स्टेशन पर GM कोच में अचानक भड़की आग, मची अफरा-तफरी
फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू, घटना के समय कोच में कोई मौजूद नहीं था
जबलपुर। जबलपुर मुख्य रेलवे स्टेशन पर मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब प्लेटफॉर्म नंबर-6 के पास वीआईपी गेट के समीप खड़े रेलवे के GM कोच में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग की लपटें कोच के भीतर से निकलकर ऊपर गुजर रही ओएचई लाइन तक पहुंचती दिखाई दीं।
कोच से धुआं और आग की लपटें उठती देख यात्रियों एवं रेलवे कर्मचारियों ने तत्काल अधिकारियों को सूचना दी। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन ने फायर ब्रिगेड को बुलाया। कुछ ही देर में दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया।
गनीमत रही कि आग आसपास खड़े अन्य कोचों तक नहीं पहुंची, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के समय GM कोच के भीतर कोई मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि टल गई।
प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह वाई-फाई सिस्टम को सपोर्ट करने वाली बैटरी में तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पश्चिम मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हर्षित श्रीवास्तव ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच के लिए टीम गठित की जा रही है। जांच के उपरांत ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी। रेलवे अधिकारियों द्वारा कोच में हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है।
घटना के दौरान स्टेशन पर मौजूद लोगों ने आग के वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किए, जो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहे हैं।










