डोमिनोज पिज्जा में नॉनवेज ओवन में पकाया जा रहा था वेज पिज्जा, खाद्य विभाग ने लिए नमूने
जबलपुर। मिलावटी एवं दूषित खाद्य सामग्री के विक्रय पर रोक लगाने के लिए कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने रसल चौक स्थित डोमिनोज पिज्जा रेस्टोरेंट का औचक निरीक्षण किया।
नगर निगम मजिस्ट्रेट एवं नगर निगम टीम की मौजूदगी में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने प्रतिष्ठान के किचन और स्टोर की जांच की। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गुप्ता ने बताया कि निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान का खाद्य लाइसेंस भी जांचा गया।
जांच के दौरान बेकिंग के लिए दो अलग-अलग ओवन पाए गए, जिनमें एक पर वेज और दूसरे पर नॉनवेज लिखा हुआ था। अधिकारियों के मुताबिक मौके पर नॉनवेज के लिए निर्धारित ओवन में वेज पिज्जा बेक किया जा रहा था।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने प्रतिष्ठान से बेक स्प्रिंकलर एवं चीज के नमूने संग्रहित किए हैं। दोनों नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।










