जबलपुर में फिर दिखा तेंदुआ, खमरिया के ईस्टलैंड में गुरुद्वारे की दीवार के पास आराम फरमाता नजर आया वन्यजीव

---Advertisement---

जबलपुर में फिर दिखा तेंदुआ, खमरिया के ईस्टलैंड में गुरुद्वारे की दीवार के पास आराम फरमाता नजर आया वन्यजीव

मोबाइल कैमरे में कैद हुआ तेंदुआ, ‘क्यू टाइप’ क्षेत्र में भी मूवमेंट की सूचना; वीडियो वायरल होते ही रहवासियों में दहशत

जबलपुर। ऑर्डिनेंस फैक्ट्री खमरिया क्षेत्र में एक बार फिर तेंदुए की आमद से हड़कंप मच गया है। रविवार सुबह से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में खमरिया के ईस्टलैंड क्षेत्र स्थित गुरुद्वारे की दीवार के पास एक तेंदुआ आराम करता हुआ दिखाई दे रहा है। स्थानीय लोगों ने वन्यजीव को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया, जिसके बाद वीडियो तेजी से प्रसारित होने लगा।

बताया जा रहा है कि तेंदुए की मौजूदगी केवल ईस्टलैंड तक सीमित नहीं रही, बल्कि ‘क्यू टाइप’ क्षेत्र में भी उसके मूवमेंट की सूचना सामने आई है। सुबह करीब 8 बजे से वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद आसपास के रहवासियों में भय और कौतूहल दोनों का माहौल है।

खमरिया में पहले भी सामने आती रही है तेंदुए की मौजूदगी

ऑर्डिनेंस फैक्ट्री खमरिया और इसके आसपास का क्षेत्र वन क्षेत्र से जुड़ा होने के कारण यहां समय-समय पर तेंदुए की मौजूदगी सामने आती रही है। वर्ष 2025 में भी खमरिया ऑर्डिनेंस फैक्ट्री परिसर में एक मादा तेंदुए द्वारा कर्मचारी पर हमला किए जाने की घटना सामने आई थी। वन विभाग की टीम ने तेंदुए को रेस्क्यू कर उपचार के बाद वन क्षेत्र में छोड़ दिया था।

इससे पहले भी खमरिया के रिहायशी इलाकों में तेंदुओं की मौजूदगी और उनके वीडियो सामने आते रहे हैं। वर्ष 2022 में खमरिया क्षेत्र में एक साथ तीन तेंदुए दिखाई देने के बाद वन विभाग ने सर्च अभियान चलाया था।

रात में बाहर निकलने वालों के लिए बढ़ा खतरा

ताजा वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्रीय रहवासियों की चिंता बढ़ गई है। विशेषकर सुबह और देर रात आवागमन करने वाले लोगों में वन्यजीव के हमले की आशंका को लेकर भय बना हुआ है। लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में सघन निगरानी और गश्त बढ़ाने की मांग की है।

वन विभाग की ओर से तेंदुए की वास्तविक स्थिति और उसके मूवमेंट की पुष्टि होने के बाद आगे की कार्रवाई महत्वपूर्ण होगी। फिलहाल लोगों से अपील है कि तेंदुआ दिखाई देने पर उसके करीब न जाएं, भीड़ न लगाएं और वीडियो बनाने के लिए वन्यजीव का पीछा न करें।

खमरिया में तेंदुए की बार-बार हो रही दस्तक ने एक बार फिर वन्यजीव और रिहायशी क्षेत्र के बीच बढ़ते टकराव को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment