नवागत कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने पदभार ग्रहण करने के बाद ली अधिकारियों की परिचयात्मक बैठक
प्रतिदिन सुबह 10 बजे होगी राजस्व कार्यों की समीक्षा
——
नवागत कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने आज पदभार ग्रहण करने के बाद अधिकारियों की परिचयात्मक बैठक लेकर विभिन्न विभागों के कार्यों, शासकीय योजनाओं की प्रगति और लंबित प्रकरणों की समीक्षा की।
बैठक में नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक गेहलोत, अपर कलेक्टर श्रीमती नीता राठौर, रविशंकर राय, शैलेंद्र सिंह, अखिलेश सिंह तथा सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में सभी विभागों के अधिकारियों से कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने परिचय लेते हुए संबंधित विभागों में संचालित योजनाओं, निर्धारित लक्ष्यों और अब तक प्राप्त उपलब्धियों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी पूरी तैयारी के साथ बैठकों में उपस्थित हों तथा योजनाओं के क्रियान्वयन और लंबित कार्यों के निराकरण पर विशेष ध्यान दें।
कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे बैठकों में अपने विभाग की योजनाओं, निर्धारित लक्ष्यों, उपलब्धियों और लंबित प्रकरणों की पूरी जानकारी के साथ उपस्थित हों, ताकि समीक्षा बैठक में समय का बेहतर उपयोग हो सके। उन्होंने बताया कि राजस्व संबंधी कार्यों की समीक्षा के लिए प्रतिदिन सुबह 10 बजे बैठक आयोजित की जाएगी। अधिकारियों को अपने कार्यालय से बैठक में जुड़ने और नियमित रूप से प्रगति की जानकारी देने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन सहित अन्य लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए अपर कलेक्टर और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को अपने स्तर पर प्रकरणों की समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का समय रहते निराकरण किया जाए और नागरिकों को अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े।
कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने स्वामित्व योजना के अंतर्गत प्लॉटों, हितग्राहियों और रजिस्ट्रियों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने रजिस्ट्रियों की संख्या बढ़ाने के लिए कार्ययोजना तैयार करने तथा सर्वर की समस्या के कारण प्रभावित हो रहे कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कम लोड वाले समय, विशेषकर देर रात और सुबह जल्दी, कार्य की योजना बनाकर बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने उद्यम क्रांति में हितग्राहियों की संख्या बढ़ाने के साथ संबंल योजना अंतर्गत पंजीयन बढ़ाने के भी निर्देश दिये।
उन्होंने पात्र भूमिहीन परिवारों को नियमानुसार पट्टा उपलब्ध कराने तथा जिन पात्र परिवारों के पट्टे अब तक नहीं बने हैं, उनकी पहचान कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने कहा कि नामांतरण सहित अन्य राजस्व प्रकरणों की नियमित निगरानी करने और लोक सेवा गारंटी के अंतर्गत आने वाले मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने जिला सहकारी बैंक के अधिकारियों से एनपीए, ऋण वसूली, आधार सीडिंग और ऋण फीडिंग की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने ऋण वसूली की दैनिक निगरानी करने और लंबित कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने सहकारी समितियों से संबंधित खाद के भुगतान और कमीशन की स्थिति की जानकारी भी मांगी तथा अधिकारियों को कुल देय राशि और लंबित भुगतान का विवरण तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने छात्रवृत्ति वितरण, छात्रावासों की व्यवस्था, विद्यार्थियों के नामांकन और पुस्तकों के वितरण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने पात्र विद्यार्थियों को समय पर छात्रवृत्ति का लाभ उपलब्ध कराने तथा भुगतान की माहवार जानकारी तैयार रखने के निर्देश दिए। साथ ही छात्रावासों की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने और लंबित मामलों का समय पर निराकरण करने पर भी जोर दिया।
बैठक में खनिज परिवहन, ओवरलोडिंग और अवैध परिवहन के मामलों में की गई कार्रवाई की समीक्षा की। उन्होंने नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई और पेनल्टी की वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि वैध दस्तावेजों के साथ परिवहन करने वालों को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाना चाहिए।
कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने कृषि विभाग की भी समीक्षा करते हुए गिरदावली, आगामी धान पंजीयन के सत्यापन और खाद उपलब्धता एवं वितरण की समीक्षा की। उन्होंने इसके लिए आवश्यक तैयारियां करने और विभागीय योजनाओं के माध्यम से कार्य को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
बैठक में पीएमएफएम योजना के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध अब तक की उपलब्धि की जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि लक्ष्य के अनुरूप प्रगति बढ़ाने तथा निर्धारित लक्ष्य की उपलब्धि सुनिश्चित करें।
कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने पोषण पुनर्वास केंद्रों में बच्चों की भर्ती और उपलब्ध क्षमता की जानकारी लेते हुए वास्तविक स्थिति के आधार पर नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला एवं बाल विकास तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को संयुक्त निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जिला स्तर के साथ-साथ विकासखंड शिक्षा अधिकारी और परियोजना अधिकारियों के स्तर पर भी संयुक्त निरीक्षण किए जाएं। स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों और कर्मचारियों की उपस्थिति तथा कार्यप्रणाली की निगरानी करने और संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने जनगणना प्रशिक्षण, संबंधित ऑपरेटरों की सहभागिता, सिस्टम और उपकरणों की उपलब्धता तथा आवश्यक खरीदी की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने जनगणना संबंधी कार्यों की प्रगति का संक्षिप्त विवरण तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने, आपसी समन्वय बनाए रखने और विभागीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने की अपेक्षा की।
CM Madhya Pradesh
#JansamparkMP #Jabalpur










