निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार की पहल से नेशनल लोक अदालत में 17.67 करोड़ की रिकॉर्ड वसूली
150 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ करीब 12 हजार करदाताओं ने जमा की राशि, करदाताओं को मिली राहत
जबलपुर। शनिवार को आयोजित नेशनल लोक अदालत में नगर निगम को करीब 17 करोड़ 67 लाख रुपए की राजस्व प्राप्ति हुई। पिछले आयोजन की तुलना में यह करीब 150 प्रतिशत की बढ़ोतरी है। लगभग 12 हजार करदाताओं ने निगम खजाने में राशि जमा की।
लोक अदालत के दौरान सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक निगम द्वारा निर्धारित विभिन्न केंद्रों पर करदाताओं की कतारें लगी रहीं। आपसी सुलह, कर में छूट और समाधान की प्रक्रिया के माध्यम से लंबित मामलों का निराकरण किया गया।
निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने स्वयं विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण करते हुए करदाताओं से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों को करदाताओं को अधिकतम सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निगम मुख्यालय सहित संभाग क्रमांक 12 एवं 13 में महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, निगमाध्यक्ष रिकुंज विज, राजस्व प्रभारी डॉ. सुभाष तिवारी एवं निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
महापौर एवं निगमायुक्त ने राजस्व प्राप्ति के इस आंकड़े को पूरी निगम टीम के सामूहिक प्रयास और करदाताओं के सहयोग का परिणाम बताया। उपायुक्त राजस्व शिवांगी महाजन ने बताया कि लोक अदालत में कई बड़े बकायेदारों ने भी राशि जमा कराई, जबकि कुछ प्रकरणों में बकाया राशि जमा करने के लिए मोहलत दी गई।










