आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देशन में स्वास्थ्य अधिकारी अभिनव मिश्रा की निगरानी में चाक-चौबंद सफाई व्यवस्था, श्रद्धालुओं के स्वागत को तैयार नगर निगम
जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर की पहचान बन चुकी संस्कार कांवड़ यात्रा को लेकर नगर निगम ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। ग्वारीघाट से लेकर कैलाश धाम तक कांवड़ यात्रा के पूरे मार्ग को स्वच्छ, साफ-सुथरा और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम का पूरा अमला लगातार जुटा रहा, जिसका असर अब मार्ग पर स्पष्ट दिखाई दे रहा है।
कांवड़ यात्रा के पवित्र मार्ग पर सफाई व्यवस्था से लेकर सड़क धुलाई, झाड़ू, कचरा उठाने और आसपास के क्षेत्रों की स्वच्छता तक विशेष ध्यान दिया गया है। श्रद्धालुओं की आस्था और यात्रा की गरिमा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने पूरे मार्ग को स्वच्छ एवं सुगम बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है।
इस पूरी व्यवस्था के पीछे नगर निगम आयुक्त श्री रामप्रकाश अहिरवार का लगातार मैदानी निरीक्षण और अधिकारियों-कर्मचारियों को दिए गए स्पष्ट निर्देश महत्वपूर्ण रहे हैं। आयुक्त के निर्देशन में स्वास्थ्य अधिकारी अभिनव मिश्रा ने सफाई व्यवस्था की लगातार निगरानी करते हुए संबंधित जोनों के स्वच्छता निरीक्षकों और सफाई कर्मचारियों को सक्रिय रखा।
हर मोर्चे पर नगर निगम का अमला तैनात
ग्वारीघाट से कैलाश धाम तक यात्रा मार्ग पर नगर निगम के विभिन्न जोनों का सफाई अमला तैनात है। जहां आवश्यकता है, वहां तत्काल सफाई कराई जा रही है। सड़क किनारे कचरा जमा न हो, मार्ग स्वच्छ बना रहे और श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए कर्मचारी लगातार कार्य कर रहे हैं।
नगर निगम की इस तैयारी से यह स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि संस्कार कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन ने स्वच्छता और व्यवस्थाओं को गंभीरता से लिया है। यात्रा मार्ग अब श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार नजर आ रहा है।
आस्था के मार्ग पर स्वच्छता का संदेश
संस्कार कांवड़ यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि संस्कारधानी जबलपुर की आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता का प्रतीक है। ऐसे में इस यात्रा के मार्ग को स्वच्छ और पवित्र बनाए रखना नगर निगम की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार और स्वास्थ्य अधिकारी अभिनव मिश्रा के निर्देशन में जिस तरह नगर निगम का पूरा स्वच्छता अमला मैदान में सक्रिय दिखाई दे रहा है, वह निश्चित रूप से सराहनीय है। अधिकारियों की सक्रिय निगरानी और सफाई कर्मचारियों की मेहनत से ग्वारीघाट से कैलाश धाम तक का मार्ग स्वच्छ, व्यवस्थित और श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए तैयार हो चुका है।
संस्कार कांवड़ यात्रा के पवित्र मार्ग पर नगर निगम की तैयारी यही संदेश दे रही है—आस्था के साथ स्वच्छता, श्रद्धा के साथ व्यवस्था और संस्कारधानी के गौरव के साथ सेवा।










