शिक्षक संदर्भ समूह और CTEF मध्यप्रदेश के संयुक्त तत्वावधान में 25 जून को कार्यक्रम
जबलपुर। भारतीय शिक्षक शिक्षा के पुरोधा और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित शिक्षाविद् डॉ. गुलाब चौरसिया की जन्म जयंती 25 जून को खालसा कॉलेज, जबलपुर में श्रद्धा और विचारों के साथ मनाई जाएगी। इस अवसर पर शिक्षक संदर्भ समूह और CTEF मध्यप्रदेश के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें प्रदेशभर से शिक्षक, प्रशिक्षक और शिक्षाविद बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
डॉ. गुलाब चौरसिया ने अपने जीवन का अधिकांश हिस्सा शिक्षक कल्याण, शिक्षा प्रशिक्षण और भारतीय शिक्षा सेवा की स्थापना के लिए संघर्ष करते हुए बिताया। वे वर्ल्ड काउंसिल फॉर एजुकेशनल एडमिनिस्ट्रेशन के पहले भारतीय फैलो थे और दो बार इसके अध्यक्ष चुने गए। उन्होंने NCERT के अंतर्गत क्षेत्रीय शिक्षा महाविद्यालयों के पाठ्यक्रम परिवर्तन का सफल संचालन किया, जिसे केंद्र सरकार ने सराहा।
उनकी स्मृति में वर्ष 2010 में गठित शिक्षक संदर्भ समूह आज शिक्षकों की रचनात्मकता, आत्म-मूल्यांकन और नवाचार को राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा दे रहा है। यह समूह शिक्षकों के गिरते मनोबल को संबल देता है और सरकारी स्कूलों की साख को पुनः स्थापित करने में जुटा है।
25 जून के कार्यक्रम की रूपरेखा:
स्थान: खालसा कॉलेज, जबलपुर
समय: प्रातः 10:30 बजे से
सरस्वती वंदना और स्वागत गीत
डॉ. गुलाब चौरसिया को पुष्पांजलि
शिक्षक संदर्भ समूह और CTEF की कार्ययोजना पर प्रस्तुति
अभियान “मेरा विद्यालय मेरी पहचान”, “प्रणाम शिक्षक – प्रणाम विद्यालय” पर संवाद
शिक्षक संसद का आयोजन और शिक्षकों का संवाद सत्र
डॉ. गुलाब चौरसिया स्मृति सम्मान की रूपरेखा और शिक्षक सम्मान समारोह
अतिथियों का उद्बोधन और राष्ट्रगान के साथ समापन
कार्यक्रम में महिला शिक्षकों की अनुभूतियों पर आधारित “नारी जीवन: संघर्ष और चुनौतियां” तथा शिक्षकों की “शैक्षिक यात्रा” पुस्तिका का उल्लेखनीय योगदान रहेगा।
शिक्षक संदर्भ समूह वर्तमान में न केवल मध्यप्रदेश बल्कि उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, राजस्थान, बिहार और दिल्ली जैसे राज्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। यह समूह शिक्षकों की आलोचना नहीं, बल्कि क्षमता-विकास का मंच है — जहां शिक्षक, शिक्षक के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है।













