ऑपरेशन सिंदूर पर सुनाई कविता, बीकानेर में जनसभा के दौरान पाक को दी कड़ी चेतावनी
बीकानेर/जयपुर — प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद गुरुवार को बीकानेर के देशनोक में बड़ी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने पाकिस्तान को दो टूक चेतावनी दी कि अब हर आतंकी हमले की कीमत उसे चुकानी पड़ेगी, और ये कीमत उसकी सेना और अर्थव्यवस्था दोनों पर पड़ेगी।
मोदी ने कहा, “पाकिस्तान भारत से सीधी लड़ाई कभी नहीं जीत सकता। इसलिए उसने दशकों से आतंक को हथियार बनाया है, लेकिन अब वो भारत नहीं रहा। अब यहां मोदी खड़ा है जिसकी नसों में खून नहीं, गर्म सिंदूर बह रहा है।”
उन्होंने साफ किया कि अब पाकिस्तान से न व्यापार होगा, न बातचीत। अगर बातचीत होगी तो सिर्फ POK को वापस लेने की। पीएम ने कहा कि पाकिस्तान अगर आतंकियों का एक्सपोर्ट करता रहा तो उसे पाई-पाई को तरसना पड़ेगा।

ऑपरेशन सिंदूर के बाद बोले- 22 मिनट में लिया 22 अप्रैल का बदला
प्रधानमंत्री ने बताया कि 22 अप्रैल को आतंकियों ने हमारी बहनों के सिंदूर पर हमला किया था। इसका जवाब देश ने सिर्फ 22 मिनट में दे दिया। सेना ने पाकिस्तान में आतंकियों के 9 ठिकाने तबाह कर दिए। मोदी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने दुनिया को दिखा दिया कि जब सिंदूर बारूद बन जाए, तो उसका असर क्या होता है।
बीकानेर के नाल एयरबेस को भी पाकिस्तान ने निशाना बनाया था, लेकिन उसे कोई नुकसान नहीं हुआ। उल्टा, पाकिस्तान का रहीमयार खान एयरबेस भारतीय सेना के हमले से बंद हो गया।
तीन सूत्र दिए आतंक के खिलाफ
मोदी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत ने आतंक से निपटने की तीन रणनीति तय कर दी है:
-
भारत पर हमला हुआ तो जवाब तय भारत करेगा – समय भी, तरीका भी।
-
एटम बम की धमकियों से भारत डरने वाला नहीं।
-
आतंक फैलाने वाले और उसे पनाह देने वाले अब एक ही समझे जाएंगे।
उन्होंने कहा कि अब ‘स्टेट और नॉन-स्टेट एक्टर्स’ का बहाना नहीं चलेगा। भारत सात देशों में प्रतिनिधि भेजकर दुनिया को पाकिस्तान का असली चेहरा दिखाएगा।
सुरक्षा और समृद्धि, दोनों पर जोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के लिए सुरक्षा और समृद्धि दोनों जरूरी हैं। उन्होंने बीकानेर में 26 हजार करोड़ की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। मोदी ने बताया कि देश में आज इंफ्रास्ट्रक्चर पर पहले से 6 गुना ज्यादा खर्च किया जा रहा है।
उत्तर में चिनाब ब्रिज, पूर्व में सेला टनल, पश्चिम में अटल सेतु और दक्षिण में पंबन ब्रिज जैसे प्रोजेक्ट भारत की रफ्तार का सबूत हैं।
राजस्थान को मिल रहा सीधा फायदा
प्रधानमंत्री ने कहा कि राजस्थान के गांव-गांव तक सड़कें बन रही हैं। पिछले 11 साल में राज्य में 70 हजार करोड़ रुपए का इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार हुआ है। रेलवे के लिए इस साल अकेले राजस्थान में 10 हजार करोड़ खर्च किए जा रहे हैं – जो 2014 से पहले के मुकाबले 15 गुना ज्यादा है।
उन्होंने कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर से रोजगार भी बढ़ता है, व्यापार भी, और किसानों को भी फायदा मिलता है। पीएम मोदी ने मंच से ऑपरेशन सिंदूर पर एक कविता भी सुनाई, जिसमें शौर्य, बलिदान और भारत के संकल्प की बात कही गई।










