झुंझुनूं, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा राजस्थान द्वारा मिसाइल मैन एपीजे अब्दुल कलाम की 93वीं जयंती के अवसर पर झुंझुनूं के एक रिसोर्ट में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया और “कलाम तुझे सलाम” का नारा देते हुए कहा कि भाजपा ने कलाम को राष्ट्रपति बनाकर एक वैज्ञानिक का सम्मान किया, जबकि कांग्रेस ने उन्हें दूसरी बार राष्ट्रपति बनने से रोका था, जिसे उन्होंने महापाप बताया।
कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत ने शहीदों की धरती पर इस आयोजन को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने युवाओं से कलाम के आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया और कहा कि यह आयोजन आने वाली पीढ़ी के लिए मील का पत्थर साबित होगा। इस दौरान प्रदेशाध्यक्ष हमीद खान मेवाती ने कलाम जयंती को सरकारी पर्व घोषित किए जाने की मांग की।
कार्यक्रम में 21 प्रतिभाओं और 51 वीरांगनाओं का सम्मान भी किया गया। इस अवसर पर राजस्थान के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा, सैनिक कल्याण बोर्ड के चेयरमैन प्रेम सिंह बाजोर, पूर्व सांसद स्वामी सुमेधानंद सरस्वती, नरेंद्र खीचड़, पूर्व विधायक रणवीर गुड्डा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
सक्रिय सदस्यता कार्यशाला का आयोजन
झुंझुनूं में भाजपा के सक्रिय सदस्यता अभियान के अंतर्गत कार्यशाला का आयोजन भी किया गया। भाजपा प्रदेश महामंत्री जितेंद्र गोठवाल ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि सक्रिय सदस्य पार्टी की रीढ़ की हड्डी होते हैं। कार्यशाला के दौरान प्रत्येक विधानसभा में 500 सक्रिय सदस्यों का लक्ष्य रखा गया, साथ ही इस बात पर जोर दिया गया कि जो कार्यकर्ता भाजपा की विचारधारा में विश्वास रखता है और देशभक्ति व सेवा भाव से ओतप्रोत है, वही सक्रिय सदस्य बनेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा ज़िलाध्यक्ष बनवारीलाल सैनी ने की, और प्रमुख वक्ता के रूप में पूर्व विधायक रणवीर सिंह गुड्डा और ज़िला संयोजक सरजीत चौधरी ने भी अपने विचार व्यक्त किए।










