जयपुर, राजस्थान विधान सभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी का हिन्दुस्तान स्काउट गाइड संगठन ने आभार जताया है। संगठन के पदाधिकारियों ने गुरुवार को विधान सभा अध्यक्ष देवनानी से मुलाकात की। पदाधिकारियों ने देवनानी को बताया कि राजस्थान की कल्याणकारी राज्य सरकार द्वारा संस्था के लिए अनुदान नियम बनाने के साथ चार करोड़ रुपए अनुदान दिए जाने की घोषणा की है। संगठन ने इसके लिए अध्यक्ष देवनानी, मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है।
अध्यक्ष देवनानी ने कहा कि स्काउट गाइड सेवाभावी संगठन है। युवा पीढ़ी में राष्ट्र प्रथम की भावना व उनके शारीरिक और मानसिक विकास के लिए संगठन को निरंतर कार्य करना होगा। संगठन युवा पीढ़ी में नैतिक मूल्यों, स्वावलंबन के लिए रचनात्मक गतिविधियों का भी संचालन करें। देवनानी ने युवाओं के विकास के लिए स्काउट गाइड को राष्ट्रव्यापी आंदोलन बताते हुए कहा कि युवा पीढ़ी में संस्कार निर्माण के लिए संगठन को कार्य करना चाहिए।
देवनानी के प्रयासों से हुआ हिंदुस्तान स्काउट गाइड का गठन
उल्लेखनीय है कि हिंदुस्तान स्काउट गाइड का गठन 2015 में वासुदेव देवनानी के प्रयासों से हुआ था। संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि देवनानी संगठन को निरंतर आगे बढ़ाने में लगातार प्रोत्साहन देते रहे। संगठन का आज पौधे से वृक्ष बनाने में पूरा योगदान देवनानी का है।
संगठन को देवनानी ने दिलाई वित्तीय सहायता
सन 2018 में राज्य सरकार में तत्कालीन शिक्षा मंत्री रहने के दौरान देवनानी ने संगठन को गतिविधियों के लिए वित्तीय सहायता प्रदान कराए जाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। उस समय देवनानी ने संगठन को राज्य सरकार से एक करोड़ रुपए की सहायता उपलब्ध करवाई थी। संगठन के प्रतिनिधियों ने बताया कि उस वित्तीय सहायता से संगठन को खड़े करने में मदद मिली। वर्तमान में संगठन को चार करोड़ रुपये की अनुदान राशि की पहल भी देवनानी ने की।
लगभग 7 लाख सदस्य संगठन जुड़े हुए हैं
वर्तमान में संगठन से 6 लाख 70 हजार सदस्य जुड़े हुए हैं। साथ ही 1 लाख 38 हजार शिक्षक संगठन की कार्यकारिणी के सदस्य हैं। सन 2018 में संगठन से 2 लाख 40 हजार स्काउट गाइड रोवर रैंजर सदस्य थे। विगत 6 वर्षों में हिंदुस्तान स्काउट गाइड संगठन ने अपने सदस्यों में तीन गुना से अधिक वृद्धि की है। सन 1950 से कार्यरत अन्य संगठन भारत स्काउट गाइड के लगभग 14 लाख सदस्य हैं। अभी हाल ही में बजट में 4 करोड़ अनुदान राशि दिए जाने की घोषणा होने पर संगठन के सदस्यों ने प्रसन्नता जाहिर की है। संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि राज्य सरकार से मिलने वाली राशि से संगठन को मजबूती मिलेगी और लगभग 150 परिवारों को इससे आर्थिक सुरक्षा भी मिल सकेगी।
अध्यक्ष देवनानी ने कहा कि स्काउट गाइड मानव सेवा और प्रकृति संरक्षण के लिए तत्पर रहे। सभी मिल-जुलकर राष्ट्र और समाज के विकास के लिए कार्य करें। जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए भी तैयार रहें। इस अवसर पर राज्य सचिव नरेंद्र औदिच्य, राज्य संगठन आयुक्त रिपुदमन सिंह गिल, राज्य संगठन आयुक्त गाइड कविता जैन, सहायक सचिव समन्वयक विजय दाधीच, सहायक राज्य संगठन आयुक्त मनोज कुमार त्रिवेदी सहित स्काउट गाइड उपस्थित थे।
शनिवार को भी चलेगी सदन की बैठक
16वीं राजस्थान विधान सभा के द्वितीय सत्र की बैठक शनिवार 20 जुलाई को भी होगी। अध्यक्ष वासुदेव देवनानी की अध्यक्षता में कार्य सलाहकार समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया।










