वाराणसी, लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण के मद्देनजर मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए पुरजोर प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में 29 मई को वाराणसी में मतदाता जागृति शोभायात्रा निकालने की तैयारी है। इसको लेकर सोमवार को महमूरगंज स्थित एक निजी होटल में जयपुर सिविल लाइंस से विधायक डॉ गोपाल शर्मा के नेतृत्व में योजना बैठक हुई। बैठक में शहर के प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ता, सामाजिक संगठनों और धार्मिक संस्थाओं के प्रमुख, व्यापारी बंधु, लघु उद्यमी समेत मातृशक्ति और छात्रशक्ति शामिल हुई।
मतदाता जागृति शोभायात्रा के संयोजक विधायक गोपाल शर्मा ने बताया कि वाराणसी में एक विशाल एवं भव्य शोभायात्रा निकालने की तैयारी हो रही है। शोभायात्रा बुधवार, 29 मई को शाम 4 बजे लक्सा तिराहे से प्रारंभ होगी और गौदोलिया चौक होते हुए मैदागिन पहुंचकर समाप्त होगी। शोभायात्रा डमरू दल, गाजे- बाजे, ढोल- नगाड़ों और झांकियों के साथ मतदान के लिए प्रेरित करती हुईं गंतव्य पर पहुंचकर समाप्त होगी। विधायक शर्मा ने बताया कि यात्रा में वानर सेना दल, ईवीएम झांकी, सर्व समाज के प्रबुद्ध जन, काशी का संत समाज, अमर शहीद ऊधम सिंह, रानी लक्ष्मीबाई और वीर सावरकर के वंशज, पद्म पुरस्कारों से सम्मानित हस्तियां भी शामिल होंगी।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे वाराणसी व्यापार मंडल के अध्यक्ष अजीत सिंह बग्गा ने कहा कि शोभायात्रा का जगह-जगह भव्य तरीके से स्वागत किया जाएगा। साथी बड़ी संख्या में व्यापारी मंडल के सदस्य परिवार शोभा यात्रा में शामिल होंगे। शोभायात्रा के मार्ग पर जगह-जगह झंडे, मतदाता जागृति के लिए पोस्टर्स, बैनर लगाए जाएंगे।
बैठक में लघु उद्योग भारती काशी प्रांत के अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता डॉ ऋतु गर्ग, एबीवीपी की पूर्व राष्ट्रीय मंत्री साक्षी सिंह, राजस्थान ब्राह्मण मंडल के मंत्री पंडित वेदमूर्ति शास्त्री, राजेश शर्मा पिंटू, ऑटो रिक्शा यूनियन के अध्यक्ष ईश्वर सिंह, व्यापार मंडल की प्रदेश महामंत्री चांदनी श्रीवास्तव, वाराणसी महिला व्यापार मंडल की अध्यक्ष सुनीता सोनी, श्वेता अग्रवाल, बहू बेटी फाउंडेशन की प्रबंधक श्रुति जैन, डॉ. ऋषि, कशिश श्रीवास्तव, आशीष अग्रवाल आदि गणमान्य जन उपस्थित रहे।










