सतना में पट्टा घोटाले पर गिरी गाज, जबलपुर की बारी कब? शासकीय जमीन के खेल में कौन-कौन शामिल?
एक ही परिवार के दो सदस्यों को 1400-1400 वर्गफुट के पट्टे की अनुशंसा, पटवारी निलंबित और राजस्व निरीक्षक पर विभागीय जांच; जबलपुर में भी धारणाधिकार पट्टों की फाइलें खंगालने की जरूरत
सतना/जबलपुर। शासकीय जमीन कोई निजी जागीर नहीं, लेकिन राजस्व विभाग के कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर उठते सवाल यह सोचने को मजबूर करते हैं कि आखिर सरकारी जमीन के मामलों में नियमों की कितनी परवाह की जा रही है? सतना में धारणाधिकार पट्टों के लिए भ्रामक एवं त्रुटिपूर्ण प्रतिवेदन तैयार करने का मामला सामने आने के बाद कलेक्टर की कार्रवाई ने राजस्व व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पटवारी निलंबित हुआ, राजस्व निरीक्षक के खिलाफ विभागीय जांच शुरू हुई, लेकिन बड़ा सवाल यह है कि क्या ऐसी ही जांच जबलपुर में भी होगी?
सतना कलेक्टर द्वारा 26 नवंबर को जारी आदेश के अनुसार ग्राम कोलगवां की शासकीय भूमि खसरा क्रमांक 599/675/1 के मामले में तत्कालीन हल्का पटवारी विजय बहादुर सिंह को निलंबित किया गया है। जांच में सामने आया कि वर्ष 2020-21 में एक ही परिवार के दो सदस्यों को 1400-1400 वर्गफुट के पट्टे की अनुशंसा की गई थी। हैरानी की बात यह है कि संबंधित भूमि पर पहले से बेदखली का आदेश था और मामला न्यायालय में विचाराधीन था। इसके बावजूद पट्टे की अनुशंसा के लिए भ्रामक एवं त्रुटिपूर्ण प्रतिवेदन तैयार किए जाने का मामला सामने आया।
कलेक्टर ने पटवारी को निलंबित कर उसका मुख्यालय तहसील रघुराजनगर निर्धारित किया है। वहीं तत्कालीन राजस्व निरीक्षक वीरेश सिंह के विरुद्ध विभागीय जांच संस्थित करते हुए जांच अधिकारी को 30 दिनों में प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
जबलपुर में आखिर किसके संरक्षण में चल रहा पट्टों का खेल?
सतना में कार्रवाई हुई तो राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे, लेकिन जबलपुर में धारणाधिकार पट्टों से जुड़ी कथित अनियमितताओं की जांच आखिर कब होगी? क्या यहां जारी किए गए पट्टों की पात्रता, भूमि की वास्तविक स्थिति, पुराने बेदखली आदेशों और न्यायालय में लंबित प्रकरणों का कभी गंभीरता से परीक्षण किया गया है? क्या सभी अनुशंसाएं नियमों के अनुरूप हुई हैं या कहीं फाइलों में तथ्यों को नजरअंदाज कर सरकारी जमीन के रास्ते खोल दिए गए?
यदि सतना में पुराने रिकॉर्ड खंगालने पर अनियमितताओं का मामला सामने आ सकता है, तो जबलपुर में भी ऐसी पड़ताल क्यों नहीं होनी चाहिए? जिला प्रशासन को चाहिए कि धारणाधिकार पट्टों से संबंधित फाइलों, राजस्व निरीक्षकों की रिपोर्ट और पटवारियों के प्रतिवेदनों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। जांच केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि यह भी तय हो कि किसकी अनुशंसा पर किसे लाभ मिला और यदि नियमों की अनदेखी हुई तो उसके लिए जिम्मेदार कौन है।
सवाल सीधा है—सरकारी जमीन के मामलों में आम नागरिक से नियमों का पालन कराने वाला राजस्व अमला खुद नियमों के प्रति कितना जवाबदेह है? सतना में कार्रवाई का आदेश निकल गया, अब जबलपुर प्रशासन की जवाबदेही तय करने की बारी कब आएगी?










