आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार के निर्देशन में भोपाल नगर निगम की अभिनव पहल, थर्माकोल कचरे से तैयार हो रहे पुनः उपयोगी ग्रैन्यूल्स
ट्रांसफर स्टेशनों से थर्माकोल का व्यवस्थित संग्रहण, निर्धारित मात्रा का रिकॉर्ड और आधुनिक मशीनों से रीसाइक्लिंग कर दिया जा रहा नया स्वरूप
स्वच्छता के साथ-साथ अपशिष्ट प्रबंधन को प्रभावी बनाने की दिशा में नगर पालिक निगम भोपाल द्वारा निरंतर नवाचार किए जा रहे हैं। नगर निगम आयुक्त श्री राम प्रकाश अहिरवार के निर्देशन में थर्माकोल जैसे पुनर्चक्रण योग्य अपशिष्ट के वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित प्रबंधन की पहल की जा रही है।
इस व्यवस्था के अंतर्गत नगर निगम के विभिन्न ट्रांसफर स्टेशनों से थर्माकोल को सुनियोजित तरीके से एकत्रित किया जा रहा है। एकत्रित थर्माकोल की सटीक मात्रा का रिकॉर्ड संधारित कर उसे रीसाइक्लिंग प्लांट तक पहुंचाया जाता है, जहां आधुनिक मशीनों की सहायता से उसका प्रसंस्करण किया जा रहा है।
रीसाइक्लिंग प्लांट में थर्माकोल को मेल्टर, ग्राइंडिंग एवं एक्सट्रूज़न मशीनों के विभिन्न चरणों से गुजारा जाता है। इस प्रक्रिया के माध्यम से अनुपयोगी दिखाई देने वाले थर्माकोल कचरे को पुनः उपयोग योग्य ग्रैन्यूल्स में परिवर्तित किया जा रहा है, जिनका आगे विभिन्न उत्पादों के निर्माण में उपयोग किया जा सकता है।
इस पहल से जहां थर्माकोल कचरे का वैज्ञानिक निस्तारण सुनिश्चित हो रहा है, वहीं खुले स्थानों और लैंडफिल में पहुंचने वाले अपशिष्ट की मात्रा कम करने में भी सहायता मिल रही है। साथ ही संसाधनों के पुनर्चक्रण को बढ़ावा देकर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सकारात्मक कदम उठाया जा रहा है।
नगर निगम आयुक्त श्री राम प्रकाश अहिरवार के निर्देशन में संचालित यह पहल ‘बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट’ की अवधारणा को धरातल पर साकार करने के साथ ही भोपाल में आधुनिक एवं टिकाऊ अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रही है।
कचरे को संसाधन में बदलने की यह पहल स्वच्छ भोपाल और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।










