स्वच्छ जबलपुर की पहल: स्कूलों और घर-घर पहुँचकर नागरिकों को किया जा रहा जागरूक
गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने का दिया संदेश, स्वच्छता अभियान में जनभागीदारी पर जोर
जबलपुर। शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण के अनुकूल बनाने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम जबलपुर द्वारा कचरा पृथक्करण (वेस्ट सेग्रीगेशन एट सोर्स) को लेकर विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत शहर के विभिन्न विद्यालयों तथा घर-घर पहुँचकर विद्यार्थियों और नागरिकों को गीले एवं सूखे कचरे को उसके स्रोत यानी घर पर ही अलग-अलग रखने के महत्व की जानकारी दी जा रही है।
अभियान के माध्यम से लोगों को बताया जा रहा है कि कचरे का उचित पृथक्करण स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ ही पुनर्चक्रण और पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसके लिए नागरिकों को घरों में अलग-अलग डस्टबिन का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
हरे डस्टबिन में डालें गीला कचरा
जागरूकता अभियान के तहत नागरिकों को बताया जा रहा है कि हरे डस्टबिन में रसोई से निकलने वाला कचरा, सब्जियों एवं फलों के छिलके, बचा हुआ भोजन, चायपत्ती तथा पेड़-पौधों के पत्ते जैसे गीले कचरे को रखा जाना चाहिए।
नीले डस्टबिन में रखें सूखा कचरा
वहीं, नीले डस्टबिन में प्लास्टिक, कागज, गत्ता, कांच, धातु, सूखे कपड़े तथा पैकेजिंग सामग्री जैसे सूखे कचरे को अलग रखने की समझाइश दी जा रही है। इससे कचरे के उचित संग्रहण, छंटाई और पुनर्चक्रण की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
जनभागीदारी से साकार होगा स्वच्छ जबलपुर का संकल्प
नगर निगम की इस पहल का उद्देश्य नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना तथा घरों से ही कचरा पृथक्करण की आदत को बढ़ावा देना है। अभियान में विद्यार्थियों को भी जागरूक किया जा रहा है, ताकि वे स्वच्छता का संदेश अपने परिवार और समाज तक पहुँचा सकें।
स्वच्छ जबलपुर का लक्ष्य तभी पूरा हो सकता है, जब प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी समझते हुए गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखे तथा स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाए।










