कोलकाता में अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के कार्यक्रम में कथित हिंसा एवं हंगामे का मामला
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नाम अपर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
जबलपुर, 15 अक्टूबर 2026
पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (SRFTI) परिसर में 27 सितंबर 2026 को आयोजित अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के कार्यक्रम के दौरान हुई कथित हिंसा एवं हंगामे के विरोध में अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत महाकौशल प्रांत की ओर से जबलपुर अपर कलेक्टर श्री मान मरावी जी को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में घटना की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की गई है।
कार्यक्रम के दौरान विरोध एवं हंगामे का आरोप
ग्राहक पंचायत द्वारा प्रधानमंत्री को भेजे गए पत्र में आरोप लगाया गया है कि 27 सितंबर को कार्यक्रम के दौरान कुछ छात्र-छात्राओं एवं बाहरी लोगों द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया। पत्र में दावा किया गया है कि इस दौरान “RESIST HINDUTVA FASCISM”, “I HATE HINDUTV”, “RSS GO BACK” जैसे नारे लगाए गए।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि कार्यक्रम स्थल पर लगे स्वामी विवेकानंद एवं भारत माता के चित्रों वाले बैनर को फाड़ा गया।
कार्यकर्ताओं से मारपीट का आरोप
अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के पत्र के अनुसार, घटना के दौरान कार्यकर्ताओं के साथ कथित रूप से मारपीट की गई, जिसमें चार कार्यकर्ताओं को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा, जबकि दो अन्य कार्यकर्ताओं को चोटें आने की बात कही गई है।
पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि सभागार में मौजूद लगभग 70 कार्यकर्ताओं, जिनमें महिलाएं एवं बच्चे भी शामिल थे, को करीब छह घंटे तक परिसर में रोककर रखा गया।
निष्पक्ष जांच एवं कार्रवाई की मांग
अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत ने केंद्र सरकार से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए जांच समिति गठित करने, घटना की वास्तविकता सामने लाने तथा दोषी पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। ज्ञापन में संबंधित छात्र-छात्राओं के विरुद्ध भी संस्थागत स्तर पर उचित कार्रवाई की मांग रखी गई है।
ये रहे उपस्थित
ज्ञापन सौंपने के दौरान अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत महाकौशल प्रांत के प्रांत उपाध्यक्ष कैप्टन आलोक त्रिवेदी, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य सुरजीत सिंह जीत, जबलपुर महानगर अध्यक्ष रुद्र प्रताप सिंह, सचिन यादव, रमाकांत पाठक, एडवोकेट नितिन बातरी सहित अन्य सदस्य एवं कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे।









