21 साल बाद MP में फिर शुरू हुई सार्वजनिक परिवहन सेवा, जबलपुर के हिस्से में आईं 67 सुगम बसें
जबलपुर। मध्यप्रदेश में 21 साल बाद आज से सार्वजनिक परिवहन सेवा की नई शुरुआत हो रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भोपाल के BHEL दशहरा मैदान से मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा की 351 बसों को हरी झंडी दिखाएंगे। इनमें जबलपुर को 67 बसें मिली हैं, जो शहर और प्रदेश के विभिन्न हिस्सों के बीच सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करेंगी।
इंटरसिटी बसों का किराया 2 रुपए प्रति किलोमीटर निर्धारित किया गया है। पहले चरण में प्रदेश के सात शहरों को बसें आवंटित की गई हैं। इनमें इंदौर को 145, भोपाल को 106, जबलपुर को 67, रीवा को 18, देवास को 10, कटनी को 3 और भिंड को 2 बसें शामिल हैं।
जबलपुर के लिए अहम शुरुआत
जबलपुर को मिली 67 बसें प्रदेश की नई सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में शहर की महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाती हैं। इन बसों के संचालन से जबलपुर को आसपास के शहरों और अन्य प्रमुख क्षेत्रों से जोड़ने वाली इंटरसिटी परिवहन व्यवस्था को गति मिलने की उम्मीद है।
रीवा संभाग को 18 इंटरसिटी बसें
रीवा संभाग के लिए 18 बसें पूरी तरह इंटरसिटी सेवा के रूप में संचालित होंगी। प्रस्तावित प्रमुख मार्गों में रीवा-सतना-मैहर, रीवा-सीधी-सिंगरौली, रीवा-शहडोल-अनूपपुर और रीवा-जबलपुर-भोपाल/इंदौर शामिल हैं।
सुरक्षा सुविधाओं से लैस होंगी बसें
सुगम परिवहन सेवा की बसों में GPS, पैनिक बटन और CCTV कैमरों जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। सरकार ने वर्ष 2031 तक प्रदेश में 15 हजार बसें संचालित करने का लक्ष्य रखा है। इससे प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन का नेटवर्क व्यापक होने की संभावना है।










