शाम 6 बजे से पहले ही बंद हो जाती है विक्टोरिया अस्पताल की ओपीडी

---Advertisement---

शाम 6 बजे से पहले ही बंद हो जाती है विक्टोरिया अस्पताल की ओपीडी!

शासन के निर्धारित समय के बावजूद मरीज करते रहे डॉक्टरों का इंतजार, 5:50 बजे बंद मिला रजिस्ट्रेशन काउंटर

जबलपुर। शासकीय सेठ गोविंददास (विक्टोरिया) जिला चिकित्सालय में शाम की ओपीडी व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। शासन द्वारा निर्धारित समय के अनुसार सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तथा शाम 5 बजे से 6 बजे तक ओपीडी संचालित की जानी है। इसके बावजूद शाम की ओपीडी में डॉक्टरों और संबंधित कर्मचारियों की अनुपस्थिति के कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

शाम के समय अस्पताल पहुंचे मरीज डॉक्टर का इंतजार करते रहे। कांचघर से पहुंचे एक बुजुर्ग मरीज ने बताया कि वह करीब पौन घंटे से चिकित्सक का इंतजार कर रहे थे। उन्हें बुखार और दर्द की दवा की आवश्यकता थी, लेकिन ओपीडी में उपचार नहीं मिल सका। इसी दौरान रजिस्ट्रेशन काउंटर भी 6 बजे से पहले बंद मिला। मरीज को बाद में इमरजेंसी काउंटर से दवा लेने की सलाह दी गई।

इसी तरह बहोराबाग से आई एक महिला मरीज को भी ओपीडी में चिकित्सक नहीं मिला। उन्हें भी दूसरे काउंटर पर जाने की सलाह दी गई। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब शाम की ओपीडी का समय निर्धारित है, तो उस दौरान मरीजों को नियमित चिकित्सा सुविधा क्यों नहीं मिल पा रही है?

जिम्मेदारों की निगरानी पर भी सवाल

अस्पताल की व्यवस्था की निगरानी करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के चेंबर भी शाम के समय बंद नजर आने की बात सामने आई है। यह स्थिति तब है, जब इन दिनों शहर में वायरल बुखार, खांसी और दर्द की शिकायत वाले मरीज बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच रहे हैं। सुबह की ओपीडी में भीड़ के चलते शाम की ओपीडी मरीजों के लिए महत्वपूर्ण हो जाती है।

पंखे-लाइट चालू, डॉक्टरों की कुर्सियां खाली

ओपीडी के कई डॉक्टर चेंबरों में लाइट और पंखे चालू मिले, लेकिन चिकित्सकों की कुर्सियां खाली थीं। मौके पर केवल एक चेंबर में डॉक्टर साहू मौजूद बताई गईं, जबकि एक अन्य चेंबर में तीन कर्मचारी बैठे दिखाई दिए। बाकी चेंबरों में चिकित्सकों की अनुपस्थिति के कारण मरीजों को उपचार के लिए भटकना पड़ा।

5:50 बजे बंद मिला रजिस्ट्रेशन काउंटर

सबसे बड़ा सवाल ओपीडी रजिस्ट्रेशन व्यवस्था को लेकर है। शाम की ओपीडी का निर्धारित समय 5 से 6 बजे तक है, ऐसे में यदि 5:50 बजे ही रजिस्ट्रेशन काउंटर बंद हो जाए तो निर्धारित समय में आने वाले मरीजों को पंजीयन और उपचार कैसे मिलेगा?

मरीजों का कहना है कि अस्पताल में शासन द्वारा निर्धारित समय-सारिणी का पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि शाम की ओपीडी में आने वाले मरीजों को भी समय पर चिकित्सकीय परामर्श और दवा मिल सके।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment