वकीलों से मारपीट मामले में जहांगीराबाद थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित
भोपाल। जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में 22 सितंबर को हुई घटना के मामले में पुलिस विभाग ने कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी राजन सिंह अहिरवार समेत तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबित पुलिसकर्मियों में आरक्षक 4533 यश लखेरा और आरक्षक 3386 रामस्वरूप भी शामिल हैं।
पुलिस उपायुक्त जोन-1 भोपाल अखिल पटेल द्वारा 23 सितंबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार, घटना के संबंध में प्रथमदृष्टया थाना प्रभारी राजन सिंह अहिरवार सहित तीनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर रक्षित केंद्र भोपाल से संबद्ध किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।
आदेश में मामले की प्राथमिक जांच सात दिवस में पूर्ण कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए सहायक पुलिस आयुक्त हबीबगंज संभाग भोपाल को जांच अधिकारी बनाया गया है।
मामले की जांच के साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस विभाग की इस कार्रवाई के बाद वकीलों के साथ हुई मारपीट की घटना को लेकर विभागीय स्तर पर जांच तेज हो गई है।










