शोभायात्रा के बाद सफाई मित्रों ने समेटे पूजित पुष्प, बलदेवबाग प्लांट में बनेगा ‘अर्पण गुलाल’
जबलपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर शहर में निकाली गई भव्य शोभायात्रा के बाद नगर निगम ने स्वच्छता के साथ आस्था के सम्मान की अनूठी पहल की। शोभायात्रा के मार्गों पर बिखरे पूजित पुष्पों को नगर निगम के सफाई मित्रों ने तत्काल एकत्र कर अलग से संग्रहित किया।
एकत्र किए गए इन पुष्पों को विशेष ‘पुष्प कलेक्शन वाहन’ के माध्यम से बलदेवबाग स्थित कम्पोस्ट प्लांट भेजा गया। यहां पूजित पुष्पों का पुनर्चक्रण कर प्राकृतिक एवं सुगंधित ‘अर्पण गुलाल’ तैयार किया जाएगा।
नगर निगम की इस पहल से शोभायात्रा के बाद मार्गों की तत्काल सफाई सुनिश्चित होने के साथ ही भगवान को अर्पित पुष्पों का सम्मानजनक उपयोग भी संभव होगा। पुष्पों को सामान्य कचरे में जाने से रोककर उन्हें उपयोगी उत्पाद में परिवर्तित करने की यह पहल ‘जीरो वेस्ट’ की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि धार्मिक आयोजनों के बाद निकलने वाले पूजित पुष्प एवं अन्य सामग्री को इधर-उधर न फेंकें, बल्कि निर्धारित स्थानों पर ही जमा करें। इससे शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के साथ धार्मिक आस्था से जुड़ी सामग्री का उचित पुनर्चक्रण भी किया जा सकेगा।









