विधायक संतोष वरकडे, कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह और एसपी संपत उपाध्याय ने किया सिहोरा का दौरा
स्वास्थ्य केंद्र, राशन दुकान, खाद वितरण केंद्र और कन्या शाला का किया निरीक्षण, छात्राओं से संवाद कर परखी व्यवस्थाएं
जबलपुर। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को सिहोरा विधानसभा क्षेत्र में विधायक संतोष वरकडे, कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने विभिन्न शासकीय संस्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मौके पर मौजूद नागरिकों से संवाद कर शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं के क्रियान्वयन की स्थिति जानी और उनकी समस्याओं से रूबरू हुए।
गोसलपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, उचित मूल्य राशन दुकान एवं खाद वितरण केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने नागरिकों से सीधे बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
छात्राओं से संवाद, शिक्षा व्यवस्था की जानकारी
भ्रमण के दौरान गोसलपुर स्थित एकीकृत शासकीय कन्या माध्यमिक शाला का भी निरीक्षण किया गया। विधायक, कलेक्टर एवं एसपी ने छात्राओं से संवाद कर शिक्षा व्यवस्था और विद्यालय की सुविधाओं की जानकारी ली। छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने तथा भविष्य में अपने परिवार और समाज का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय में विधायक श्री वरकडे एवं कलेक्टर श्री सिंह ने छात्राओं से पुस्तक एवं साइकिल वितरण के संबंध में भी जानकारी ली। इस दौरान कलेक्टर ने छात्राओं को दिए जा रहे मध्यान्ह भोजन को स्वयं चखकर उसकी गुणवत्ता का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के माध्यम से जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी सीधे जनता के बीच पहुंचकर शासकीय सेवाओं की जमीनी स्थिति जान रहे हैं। सिहोरा विधानसभा क्षेत्र में हुआ यह भ्रमण भी इसी उद्देश्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा।
#JanVishwasAbhiyan2026
#हर_शुक्रवार_जनता_के_नाम
#JansamparkMP #Jabalpur










