सेवा हमारा धर्म, अंत्योदय हमारा लक्ष्य : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुजुर्गों को पेंशन का संबल, बहनों को रक्षाबंधन का उपहार

---Advertisement---

सेवा हमारा धर्म, अंत्योदय हमारा लक्ष्य : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

बुजुर्गों को पेंशन का संबल, बहनों को रक्षाबंधन का उपहार

जबलपुर के हजारों हितग्राही वीसी के माध्यम से राज्य स्तरीय कार्यक्रम से जुड़े

 

जबलपुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को मंत्रालय से सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश के लाखों हितग्राहियों के खातों में सामाजिक सुरक्षा पेंशन तथा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत पात्र महिलाओं को गैस सिलेंडर रिफिल की प्रोत्साहन राशि अंतरित की। दोनों योजनाओं के तहत प्रदेशभर के हितग्राहियों के खातों में कुल 311 करोड़ रुपये की राशि पहुंचाई गई।

 

कार्यक्रम से जबलपुर जिले के हजारों हितग्राही भी जुड़े। इनमें से कुछ हितग्राही कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह के साथ कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी के वीसी रूम से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सहभागी बने। कार्यक्रम के समापन के बाद कलेक्टर श्री सिंह ने उपस्थित हितग्राहियों को योजनाओं के स्वीकृति प्रमाण-पत्र प्रदान किए।

 

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग के विकास और कल्याण के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। सबके घरों में खुशहाली आए, यही सरकार की भावना है। सेवा हमारा धर्म और अंत्योदय हमारा अंतिम लक्ष्य है।

मुख्यमंत्री ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के अंतर्गत प्रदेश के 35 लाख 25 हजार से अधिक पात्र हितग्राहियों के खातों में 211 करोड़ 53 लाख रुपये अंतरित किए। यह राशि जुलाई 2026 की पेंशन के रूप में दी गई है। उन्होंने कहा कि पेंशन की राशि भले ही छोटी हो, लेकिन जरूरतमंदों के लिए इससे मिलने वाला सहारा बहुत बड़ा होता है।

इसी तरह प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत प्रदेश की 22 लाख 20 हजार से अधिक बहनों के खातों में अप्रैल और मई 2026 की गैस सिलेंडर रिफिल की करीब 99 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि अंतरित की गई।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सावन बहनों का महीना है और रक्षाबंधन का पर्व भाई-बहन के स्नेह का प्रतीक है। बहनों की खुशी में ही सरकार की खुशी है। उन्होंने प्रदेश की बहनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बहनों के कल्याण में कोई कमी नहीं रखी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को हरियाली तीज, स्वतंत्रता दिवस और रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत नागरिकों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा लगाने का आह्वान किया।

राज्य स्तरीय कार्यक्रम को खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत तथा सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने भी संबोधित किया।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment