लोक सेवा गारंटी के प्रकरण समय-सीमा में निपटाएं, पुराने लंबित मामलों का करें तत्काल निराकरण – कलेक्टर श्री सिंह
जबलपुर
कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह ने आज कलेक्टर कार्यालय में राजस्व विभाग के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में लोक सेवा गारंटी के तहत लंबित एवं समय-सीमा से बाहर हो रहे प्रकरणों की समीक्षा के दौरान उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अपने कार्य संस्कृति को प्रभावी बनायें। साथ ही कहा कि पुराने लंबित प्रकरणों का निराकरण प्राथमिकता से करें।
समीक्षा के दौरान नामांतरण, सीमांकन, पीएम किसान, ई-केवायसी सहित अन्य राजस्व प्रकरणों की स्थिति की जानकारी ली गई। तहसीलों में प्रकरण लंबित पाए जाने पर कलेक्टर ने कहा कि यदि किसी प्रकरण में संबंधित पक्ष को सूचना देने के बाद भी वह निर्धारित तिथि पर उपस्थित नहीं होता अथवा आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करता है, तो नियमानुसार कार्रवाई कर प्रकरण का निराकरण किया जाए। किसी भी आवेदन को अनिश्चित समय तक लंबित रखना स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनविश्वास अभियान के दौरान जिन प्रकरणों के निराकरण के लिए कार्रवाई की गई थी, उनकी भी लगातार मॉनिटरिंग की जाए। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर उन्हें प्राथमिकता से निपटाएं।
कलेक्टर श्री सिंह ने पीएम किसान योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि आधार लिंकिंग के कार्य में अच्छा काम हुआ है। जिन क्षेत्रों में आधार लिंक में कम प्रगति है, वहां विशेष प्रयास कर इसे समय पर पूरा किया जाए। उन्होंने पीएम किसान से संबंधित ई-केवायसी से वंचित हितग्राहियों की भी जानकारी ली तथा शेष कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
गोरखपुर तहसील से संबंधित लोक सेवा गारंटी के प्रकरणों की समीक्षा के दौरान ऑनलाइन आईडी से जुड़ी समस्या का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि ऑनलाइन पोर्टल की व्यवस्था का उद्देश्य ही यह है कि आम नागरिक को कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत न पड़े। आवेदन के निराकरण के लिए यदि कोई दस्तावेज आवश्यक है तो संबंधित दस्तावेज लोक सेवा केंद्र के माध्यम से प्राप्त किए जाएं।
कलेक्टर ने कहा कि यह सोच बदलनी होगी कि आवेदक स्वयं कार्यालय आएगा, तभी उससे जानकारी लेकर काम किया जाएगा। अधिकारियों को पोर्टल पर उपलब्ध आवेदनों की नियमित निगरानी करते हुए समय-सीमा में कार्रवाई करनी होगी।
शुक्रवार को सभी विभागों की टीमें करेंगी क्षेत्रीय निरीक्षण –
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि प्रत्येक शुक्रवार जनविश्वास अभियान के तहत सभी विभागों की टीमें क्षेत्र में निकलकर अपने विभाग से संबंधित संस्थानों और व्यवस्थाओं का निरीक्षण करें। स्कूल, आंगनवाड़ी केंद्र, कॉलेज, कारखाने, दुकान, बैंक सहित अन्य संस्थानों का निरीक्षण किया जाए। पटाखा दुकानों जैसी संवेदनशील गतिविधियों की भी जांच की जाए।
कलेक्टर श्री सिंह कहा कि निरीक्षण के साथ मौके पर प्राप्त शिकायतों का निराकरण और सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का समाधान भी प्राथमिकता से किया जाए। दोनों कार्य समानांतर रूप से संचालित किए जाएं। अधिकारियों को निर्धारित समय पर कार्यस्थल पर उपलब्ध रहने और न्यायालयीन प्रकरणों की सुनवाई समय पर करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा खाद्य वितरण पर भी ध्यान दिया जाए किसी तरह की कोई समस्या दिखे उसका तुरंत निराकरण करें. श्री सिंह ने स्पष्ट कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने सभी तहसील कार्यालयों में अधिकारियों-कर्मचारियों की उपस्थिति सार्थक ऐप पर दर्ज कराने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि अधिकारी-कर्मचारी प्रयास करें कि सुबह 10 से 10:30 बजे के बीच कार्यालय में उपलब्ध रहें, ताकि आमजन राजस्व विभाग के कार्यों की प्रगति की समीक्षाको समय पर सेवाएं मिल सकें।
बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती नीता राठौर, श्री रविशंकर राय, संयुक्त कलेक्टर श्री ऋषभ जैन, एसडीएम श्री अभिषेक सिंह, एसडीएम श्री अनुराग सिंह सहित कुण्डम, सिहोरा, पनागर, गोरखपुर, जबलपुर, पाटन एवं बरेला के तहसीलदार और नायब तहसीलदार उपस्थित रहे।
Department Of Revenue, Madhya Pradesh
#JansamparkMP #jabalpur










