7 अगस्त को सुहागी में लगेगा मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर, तैयारियों का निगमायुक्त ने लिया जायजा
जबलपुर। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत 7 अगस्त को संभाग क्रमांक-15 (सुहागी) में आयोजित होने वाले जनविश्वास शिविर की तैयारियाँ तेज़ हो गई हैं। नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने मंगलवार को सुहागी क्षेत्र का निरीक्षण कर सफाई, पेयजल, स्ट्रीट लाइट एवं लोक निर्माण कार्यों की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएँ समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने पूरे क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने, बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल चालू कराने तथा पेयजल आपूर्ति एवं आवश्यक मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए।
7 अगस्त को आयोजित जनविश्वास शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे, जहाँ नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एवं लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जाएगा। शिविर में प्राप्त आवेदनों एवं लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण भी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरल, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पहुँचाना है।










