ग्वालियर : ग्वालियर नगर निगम के कार्यपालन यंत्री (एग्जीक्यूटिव इंजीनियर) सुशील कटारे को लोकायुक्त पुलिस ने 6,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। ठेकेदार सचिन पचौरी ने जनकार्य विभाग के अंतर्गत 36 लाख रुपये का कार्य पूर्ण करने के बाद बिल प्रस्तुत किया था। बिल पास करने के एवज में सुशील कटारे ने 36,000 रुपये रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता एक दिन पहले 30,000 रुपये दे चुका था, जबकि शेष 6,000 रुपये गुरुवार सुबह देने तय हुए थे।
लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक (SP) निरंजन शर्मा ने बताया कि आरोपी सुशील कटारे (62) 31 जुलाई को सेवानिवृत्त होने वाले थे। जैसे ही उन्होंने अपने हाथ में रिश्वत की रकम ली, पहले से जाल बिछाकर बैठी लोकायुक्त टीम ने उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया। इस कार्रवाई से नगर निगम कार्यालय में हड़कंप मच गया।
एसपी निरंजन शर्मा के अनुसार, नगर निगम कार्यालय में पहले से ट्रैप की पूरी तैयारी की गई थी। जैसे ही ठेकेदार ने बचे हुए 6,000 रुपये एग्जीक्यूटिव इंजीनियर को दिए, टीम ने तत्काल उन्हें गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है।
गौरतलब है कि नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों पर लगातार भ्रष्टाचार के आरोप लगते रहे हैं, लेकिन कार्रवाई सीमित मामलों में ही होती है। अब देखना यह होगा कि इस रिश्वत प्रकरण में सुशील कटारे के अलावा और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं।
ज़िंदगी भर की कमाई, इज्जत एक दिन में नीलाम: रिटायरमेंट से एक दिन पहले एग्जीक्यूटिव इंजीनियर रिश्वत लेते गिरफ्तार
Updated On: July 30, 2026 6:42 pm

---Advertisement---









