सतना के अनिकेत सेन बने भारतीय नौसेना में लेफ्टिनेंट कमांडर, जिले का बढ़ाया गौरव
मध्य प्रदेश के सतना जिले के हाटी निवासी एवं भारतीय सेना से सेवानिवृत्त सूबेदार शंकरलाल सेन के पुत्र अनिकेत सेन ने भारतीय नौसेना में लेफ्टिनेंट कमांडर बनकर जिले और प्रदेश का नाम गौरवान्वित किया है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में हर्ष और गर्व का वातावरण है।
अनिकेत सेन ने वर्ष 2021 में भारतीय नौसेना में सब लेफ्टिनेंट के रूप में अपने सैन्य जीवन की शुरुआत की थी। अपने अनुशासन, उत्कृष्ट कार्यशैली और समर्पण के बल पर उन्होंने अल्प समय में पदोन्नति प्राप्त करते हुए लेफ्टिनेंट कमांडर का गौरवशाली पद हासिल किया।
देशसेवा का संस्कार उन्हें परिवार से विरासत में मिला है। उनके पिता शंकरलाल सेन भारतीय सेना में सूबेदार के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं, जबकि उनके चाचा भी भारतीय सेना में हवलदार के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। ऐसे सैन्य परिवार से आने वाले अनिकेत ने अपने परिश्रम और कर्तव्यनिष्ठा से परिवार की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाया है।
अनिकेत सेन की इस सफलता पर परिजनों, मित्रों, शुभचिंतकों तथा जिले के नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। उनकी उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणा है कि दृढ़ संकल्प, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण से किसी भी ऊंचाई को प्राप्त किया जा सकता है।










