कट्टे की नोक पर एक्सिस स्कूटी लूटने वाले तीन लुटेरे गिरफ्तार

---Advertisement---

कट्टे की नोक पर एक्सिस स्कूटी लूटने वाले तीन लुटेरे गिरफ्तार

लूटी गई स्कूटी, वारदात में प्रयुक्त पल्सर बाइक, देशी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद

जबलपुर। घमापुर थाना पुलिस ने कट्टे की नोक पर एक्सिस स्कूटी लूटने की वारदात का सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई एक्सिस स्कूटी, घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल, एक देशी कट्टा तथा एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार 18 जुलाई 2026 को समदड़िया ग्रीन सिटी, माढ़ोताल निवासी 56 वर्षीय धर्मपाल सिंह राजपूत ने थाना घमापुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वे ऑटो चालक हैं और करियापाथर मरघटाई में खारी विसर्जन कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। सुबह लगभग 9:30 से 9:45 बजे के बीच काली मंदिर मरघटाई के पास काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों ने उन्हें घेर लिया। एक युवक ने उन पर देशी कट्टा तान दिया, जबकि दो अन्य ने उनसे छीना-झपटी की। इसके बाद एक आरोपी उनकी एक्सिस स्कूटी (क्रमांक MP-20-ZB-2684) लेकर फरार हो गया और बाकी दोनों पल्सर मोटरसाइकिल से भाग निकले।

शिकायत के आधार पर थाना घमापुर में अपराध क्रमांक 477/26 धारा 309(1) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष जाखड़ तथा प्रभारी नगर पुलिस अधीक्षक गोहलपुर उदयभान बागरी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रवीण कुमरे के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर राम मंदिर के पास मैदान से साहित (साहिल) सेन (19) निवासी शीतला माई, गंगाराम का बाड़ा, थाना घमापुर तथा राज सोनकर (21) निवासी खटीक मोहल्ला, घमापुर चौक, थाना बेलबाग को घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल (MP-20-XC-4743) सहित गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने साथी सम्मान रैकवार (19) निवासी मछली बाजार, थाना हनुमानताल के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया तथा बताया कि लूटी गई स्कूटी सम्मान रैकवार के पास है।

इसी दौरान 20 जुलाई की रात पुलिस को सूचना मिली कि टेस्टिंग रोड स्थित जवाहर स्कूल के पीछे मैदान में एक युवक देशी कट्टा लेकर किसी वारदात की फिराक में खड़ा है। सूचना पर घेराबंदी कर पुलिस ने सम्मान रैकवार को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके कब्जे से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत अलग से कार्रवाई की गई।

पूछताछ में सम्मान रैकवार ने लूटी गई एक्सिस स्कूटी को टेस्टिंग रोड स्थित एक खंडहर भवन में छिपाकर रखना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने स्कूटी बरामद कर ली। इसके बाद तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

पुलिस के अनुसार सम्मान रैकवार आपराधिक प्रवृत्ति का आरोपी है, जिसके विरुद्ध लूट, अवैध वसूली, मारपीट, चोरी, विस्फोटक अधिनियम एवं आर्म्स एक्ट सहित 21 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। वहीं साहिल सेन के विरुद्ध हत्या के प्रयास और मारपीट के तीन मामले पहले से दर्ज हैं।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रवीण कुमरे के नेतृत्व में उप निरीक्षक प्रेम लाल भवेदी, सहायक उप निरीक्षक घासीराम उइके, प्रधान आरक्षक हरिशंकर गुप्ता, रविन्द्र सोनी तथा आरक्षक ब्रजेश, सेतुप्रिय, कृष्णा तिवारी, हरिओम रजावत और त्रिलोक पारधी की सराहनीय भूमिका रही।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment