ज़ोन-2 को गंदगी का ज़ोन बना रहे CSI संतोष गौर और SI अभिषेक मिश्रा! आयुक्त महोदय, अब कारण बताओ नोटिस दीजिए
जबलपुर। नगर निगम के ज़ोन क्रमांक-2 में आने वाली रामेश्वरम कॉलोनी और मुस्कान सिटी की स्थिति स्वच्छता व्यवस्था की पोल खोल रही है। मुस्कान सिटी के सामने डीपीएस स्कूल जाने वाले मार्ग की मुख्य नाली पूरी तरह जाम है और कई स्थानों पर नाली ही गायब हो चुकी है। बरसाती पानी की निकासी रुकने से गंदा पानी सड़कों पर फैल रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की नजर अब तक इस ओर नहीं पड़ी।
इसी मार्ग से आगे रामेश्वरम कॉलोनी में जगह-जगह कचरे के ढेर, बजबजाती नालियां और गंदगी का अंबार साफ दिखाई देता है। स्थानीय लोग बदबू, मच्छरों और संक्रमण के खतरे के बीच रहने को मजबूर हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि ज़ोन-2 के CSI संतोष गौर और SI अभिषेक मिश्रा आखिर निरीक्षण करते कहां हैं? यदि वे नियमित रूप से क्षेत्र का भ्रमण कर रहे होते तो नालियां महीनों तक जाम नहीं रहतीं और न ही कॉलोनियां गंदगी से पट जातीं। ऐसा प्रतीत होता है कि स्वच्छता व्यवस्था केवल कागज़ों में चल रही है, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है।
आयुक्त महोदय से प्रश्न है— क्या ऐसे अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी? क्या लगातार मिल रही शिकायतों और बदहाल स्वच्छता व्यवस्था के बावजूद CSI संतोष गौर और SI अभिषेक मिश्रा को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा? यदि लापरवाही पर कार्रवाई नहीं होगी, तो स्वच्छ शहर का सपना केवल नारों तक ही सीमित रह जाएगा।
जनहित की मांग:
रामेश्वरम कॉलोनी, मुस्कान सिटी और डीपीएस मार्ग की नालियों की तत्काल सफाई, टूटी व गायब नालियों का निर्माण तथा संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। नगर निगम को यह स्पष्ट करना चाहिए कि ज़ोन-2 की स्वच्छता व्यवस्था आखिर किसके भरोसे चल रही है?










