रीवा बाल संप्रेषण गृह में नाबालिग की संदिग्ध मौत, हाथ पर मिला ‘Miss You’ और नाबालिग लड़की का नाम

---Advertisement---

रीवा बाल संप्रेषण गृह में नाबालिग की संदिग्ध मौत, हाथ पर मिला ‘Miss You’ और नाबालिग लड़की का नाम

रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा स्थित बाल संप्रेषण गृह (बाल सुधार गृह) में एक नाबालिग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, सोमवार देर रात एक किशोर फंदे से लटका मिला। उसे तत्काल नीचे उतारकर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

मृतक की पहचान अभिषेक पटेल, निवासी अमिलिया थाना क्षेत्र, जिला सीधी के रूप में हुई है। उसे लगभग एक सप्ताह पहले पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामले में किशोर न्याय बोर्ड के आदेश पर रीवा के बाल संप्रेषण गृह में रखा गया था।

घटना की जानकारी ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवान ने दी, जिसने देर रात किशोर को फंदे से लटका देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जांच के दौरान पुलिस को मृतक के हाथ पर एक नाबालिग लड़की का नाम और “Miss You” लिखा मिला है। पुलिस ने इस तथ्य को जांच का हिस्सा बनाया है, लेकिन इसे मौत का कारण मानने से फिलहाल इनकार किया है।

मृतक के पिता का दावा है कि उनके बेटे और एक नाबालिग लड़की के बीच प्रेम संबंध थे। उनका आरोप है कि लड़की के परिजनों की शिकायत के बाद पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ, जिसके चलते किशोर को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया। पिता के अनुसार, इसके बाद से वह मानसिक तनाव में था।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि घटना से पहले किशोर ने भोजन नहीं किया था। इसके कुछ समय बाद वह अपने कमरे में मृत अवस्था में मिला।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य, बाल संप्रेषण गृह के कर्मचारियों तथा परिजनों के बयान सहित सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों पर कोई अंतिम निष्कर्ष निकाला जाएगा।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment