शराब की दुकान से लगा स्वास्थ्य विभाग का जोन क्रमांक 11 कार्यालय, महिला कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता

---Advertisement---

शराब की दुकान से लगा स्वास्थ्य विभाग का जोन क्रमांक 11 कार्यालय, महिला कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता

 

महिला कर्मचारियों एवं शासकीय दस्तावेजों की सुरक्षा के मद्देनजर सुरक्षित स्थान पर कार्यालय स्थानांतरित करने की मांग

 

जबलपुर। नगर निगम के जोन क्रमांक 11 स्थित स्वास्थ्य विभाग कार्यालय की वर्तमान स्थिति महिला कर्मचारियों की सुरक्षा तथा महत्वपूर्ण शासकीय दस्तावेजों के संरक्षण को लेकर गंभीर चिंता का विषय बनी हुई है। यह कार्यालय शराब की दुकान से सटा हुआ संचालित हो रहा है, जिसके कारण कार्यालय परिसर और उसके आसपास दिनभर शराबियों एवं असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है।

 

उजाला दर्पण समाचार पत्र की टीम जब मौके पर पहुंची तो कार्यालय के बाहर कई लोग शराब के नशे में बैठे दिखाई दिए। टीम द्वारा वीडियो रिकॉर्डिंग शुरू करते ही अधिकांश लोग वहां से हट गए। कार्यालय के प्रवेश द्वार के समीप स्थित छोटे मंदिर के पास भी एक व्यक्ति नशे की हालत में पड़ा मिला। यह दृश्य न केवल कार्यालय की गरिमा पर प्रश्नचिह्न लगाता है, बल्कि वहां कार्यरत कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंता उत्पन्न करता है।

 

सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इसी कार्यालय में महिला कंप्यूटर ऑपरेटर सहित अन्य महिला कर्मचारी प्रतिदिन अपनी सेवाएं देती हैं। कार्यालय में स्वास्थ्य विभाग से संबंधित महत्वपूर्ण शासकीय फाइलें एवं अभिलेख भी सुरक्षित रखे जाते हैं। ऐसी स्थिति में यदि कोई शराब के नशे में या कोई असामाजिक तत्व कार्यालय में प्रवेश कर जाए तो महिला कर्मचारियों की सुरक्षा के साथ-साथ शासकीय दस्तावेजों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है।

 

यह विषय केवल शराब की दुकान के समीप कार्यालय होने तक सीमित नहीं है, बल्कि सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध कराने और शासकीय संपत्ति की रक्षा से भी जुड़ा हुआ है। महिला कर्मचारियों को भयमुक्त वातावरण में कार्य करने का अधिकार है और प्रशासन का दायित्व है कि उन्हें सुरक्षित कार्यस्थल उपलब्ध कराया जाए।

 

नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार से विनम्र आग्रह है कि नगर निगम के किसी सुरक्षित भवन अथवा उपलब्ध परिसर में जोन क्रमांक 11 के स्वास्थ्य विभाग के लिए एक व्यवस्थित कार्यालय उपलब्ध कराया जाए। भले ही प्रारंभिक रूप से एक छोटा कार्यालय ही क्यों न हो, लेकिन वह ऐसा स्थान हो जहां महिला कर्मचारी निर्भय होकर कार्य कर सकें और शासकीय अभिलेख पूरी तरह सुरक्षित रह सकें।

 

महिला कर्मचारियों की सुरक्षा और सरकारी दस्तावेजों के संरक्षण के इस महत्वपूर्ण विषय पर नगर निगम प्रशासन से शीघ्र सकारात्मक निर्णय की अपेक्षा की जा रही है।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment