अमृत 2.0, पीएम ई-बस सेवा, सड़क रेस्टोरेशन, डॉग शेल्टर और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर दिए अहम निर्देश
जबलपुर। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने मंगलवार को नगर निगम के कार्यों की समीक्षा बैठक में निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार एवं संबंधित अधिकारियों के साथ विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति का आकलन किया। बैठक में अमृत 2.0 योजना, पीएम ई-बस सेवा, सड़कों के रेस्टोरेशन, आवारा श्वानों के प्रबंधन तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
कलेक्टर ने अमृत 2.0 योजना के तहत शहर में पेयजल पाइपलाइन बिछाने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पाइपलाइन बिछाने के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों का रेस्टोरेशन प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए, ताकि नागरिकों को असुविधा न हो।
बैठक में सार्वजनिक परिवहन को मजबूत बनाने के लिए पीएम ई-बस सेवा के संचालन पर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने प्रस्तावित मार्गों के अलावा अन्य क्षेत्रों तक भी ई-बस सेवा का विस्तार करने, चार्जिंग प्वाइंट की संख्या बढ़ाने तथा प्रस्तावित रूट सार्वजनिक कर जनप्रतिनिधियों से सुझाव लेने के निर्देश दिए।
आवारा श्वानों की बढ़ती समस्या पर कलेक्टर ने नसबंदी (बधियाकरण) अभियान में तेजी लाने, डॉग शेल्टरों की संख्या बढ़ाने तथा उनके संचालन से जुड़ी संस्थाओं की कार्यशाला आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सार्वजनिक स्थानों पर आवारा श्वानों को भोजन कराकर गंदगी फैलाने वालों पर निगरानी रखने और आवश्यकतानुसार जुर्माने की कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की कार्ययोजना की समीक्षा की गई। साथ ही पाँचवें एवं पंद्रहवें वित्त आयोग से प्राप्त राशि से शहर में कराए गए विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति का भी विस्तृत परीक्षण किया गया।
बैठक में अपर कलेक्टर रविशंकर राय सहित नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।










